- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- सड़क सुरक्षा को लेकर...
उत्तर प्रदेश
सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अभियान, अधिकारियों ने नालों पर बने पुलों का किया निरीक्षण
SHIDDHANT
20 Jan 2026 8:15 PM IST

x
Noida नोएडा। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न सेक्टरों में नालों पर बने पुलों, पुलियों और सड़क किनारे नालियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा उपायों को और सुदृढ़ करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुनील कुमार सिंह और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सेक्टर गामा-1 और सेक्टर पी-3 के पास नालों पर बनी पुलिया का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर रेलिंग को और मजबूत करने की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलों पर मजबूत रेलिंग लगाई जाए, साथ ही रिफ्लेक्टर, कैट्स आई और अन्य सड़क सुरक्षा उपकरणों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में भी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान सोमवार से लगातार जारी है। सीईओ ने स्पष्ट कहा कि शहर की सड़कों को पूरी तरह सुरक्षित बनाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के तहत प्राधिकरण की विभिन्न टीमें शहरभर में भ्रमण कर ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर रही हैं।
निरीक्षण के दौरान एसीईओ सुनील कुमार सिंह और प्रेरणा सिंह ने सेक्टर पाई-1 में स्थित एक बिल्डर प्रोजेक्ट का भी जायजा लिया। यहां सुरक्षा व्यवस्था को पर्याप्त नहीं पाते हुए बिल्डर को अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाने और निर्माण स्थल के आसपास सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सेक्टर स्वर्णनगरी में सड़क किनारे बनी नालियों पर टूटे हुए स्लैब को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए गए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को किसी तरह का खतरा न हो।
अधिकारियों ने सेक्टर पी-1 स्थित सिटी सेंटर और शगुन मार्ट क्षेत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान, वरिष्ठ प्रबंधक रतिक और प्रबंधक संध्या सिंह भी मौजूद रहे। प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) एके सिंह के नेतृत्व में परियोजना विभाग के आठों वर्क सर्किल की टीमें भी सड़क सुरक्षा अभियान में लगातार सक्रिय हैं। इन टीमों ने अब तक शहर में 48 दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित किया है।
आठों टीमों ने 36 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने का काम शुरू किया। इसके अलावा, महाप्रबंधक एके सिंह स्वयं डीएससी रोड, सूरजपुर और केंद्रीय विहार सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण कर 12 अतिरिक्त बिंदुओं को चिह्नित कर वहां कार्य शुरू करा चुके हैं। इन स्थानों पर स्लैब डालने, कर्व बनाने, मिट्टी भरने, रेलिंग मजबूत करने और रिफ्लेक्टर व कैट्स आई लगाने जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
महाप्रबंधक एके सिंह ने ग्रेटर नोएडा के नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई दुर्घटना संभावित स्थान दिखाई दे तो वे तत्काल प्राधिकरण को सूचना दें। इसके लिए एरिया वाइज वर्क सर्किल प्रभारियों के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tagsग्रेटर नोएडासड़क सुरक्षा अभियानग्रेटर नोएडा प्राधिकरणनाले की पुलियासड़क दुर्घटनाब्लैक स्पॉटएसीईओ सुनील कुमार सिंहप्रेरणा सिंहएनजी रवि कुमाररिफ्लेक्टरकैट्स आईजन सुरक्षाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





