उत्तर प्रदेश

सरकारी स्कूल बना अखाड़ा, दरियाबाद के बाद देवा में भिड़े शिक्षक, सहमे छात्र

Rounak Dey
23 Oct 2022 6:08 AM GMT
सरकारी स्कूल बना अखाड़ा, दरियाबाद के बाद देवा में भिड़े शिक्षक, सहमे छात्र
x

बाराबंकी। अफसरों का भय न पद की मर्यादा का ख्याल जिले के सरकारी स्कूल शिक्षकों के लिए अखाड़ा बन गए है। दो दिन के भीतर हुई दो दफा तमाशा हुआ। इस बार फिर से बच्चों के सामने ही प्रधानाध्यापिका व सहायक शिक्षिका के बीच हंगामा मारपीट सारा ड्रामा हुआ। बाकायदा वीडियो बना वायरल हुआ। बच्चे डरे सहमे दिखाई दे रहे है। हास्यास्पद ये है कि दोनो मामलों में जांच चल रही है।

बता दें कि गत 20 अक्टूबर को दो दिन पूर्व ही दरियाबाद ब्लाक के ग्राम पतुलकी स्थित प्राथमिक विद्यालय में हुआ था। प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार व सहायक अध्यापक अभिनव सिंह के बीच उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने को लेकर विवाद हुआ।

सहायक अध्यापक का आरोप था कि हस्ताक्षर बनाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद प्रधानाचार्य ने उनके साथ मारपीट की। अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कराया। सहायक अध्यापक ने मामले की सूचना पीआरवी को दी। मामला थाने तक पहुंचा और दोनों ने एक दूसरे खिलाफ तहरीर दी। इस पूरे तमाशे में कई अन्य स्कूलों से शिक्षक आ गए वहीं पतुलकी के छात्र डरे सहमे रहे फिर वापस चले गए। यहां सम्बंधित बीईओ छुट्टी पर थे उन्होंने संकुल प्रभारी को मौके पर भेजा।

पहले छात्रों को पीटा फिर प्रिसिपल को

ताजा मामला जिला मुख्यालय से करीब देवा ब्लाक के ग्राम सिसवारा का है। यहां कम्पोजिट विद्यालय है। प्रधानाध्यापक नीलम लता गौतम हैं तो सहायक अध्यापिका नेहा रस्तोगी है। बताते हैं कि स्वभाव से गुस्सैल नेहा ने पहले छात्रों को पीटना शुरू किया। नीलम लता ने इसका विरोध किया तो नेहा ने उन पर पलटवार कर दिया।

वायरल वीडियो में हाथापाई दिख रही है वहीं बच्चे नीलम को संभालते दिख रहे है। नीलम का कहना है कि नेहा ने सहायक अध्यापक गौरव गुप्ता को भी धक्का दे दिया। पूरे स्कूल में शोर शराबा व हंगामे का माहौल बन गया। देर तक चले तमाशे में नेहा का भडक़ा हुआ रूप वीडियो में कैद हो कर चर्चा का विषय बना रहा।

फिलहाल पुलिस ने नीलम लता गौतम की ओर से सहायक अध्यापक नेहा पर मुकदमा दर्ज किया है। हास्यास्पद ये है कि दोनों मामलों के सम्बंध में जब बीएसए से सम्पर्क किया गया तो पता चला कि वो अयोध्या ड्यूटी पर है। बीईओ जांच कर रहे हैं रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई होगी।

ठंडे बस्ते में पड़ी रहीं शिकायतें

देवा के सिसवारा विद्यालय मामले में नीलम लता की बात माने तो स्कूल में ये तमाशा कई महीने से चल रहा था। इस सम्बंध में 4 जुलाई व 8 सितम्बर को डीएम,सीडीओ व बीएसए को शिकायत भेजी थी। जिसमे कहा गया था कि नेहा द्वारा अक्सर बच्चों को प्रताडि़त किया जाता रहा है। किसी शिकायत पर कोई कार्रवाई न होने से पूरा हंगामा खड़ा हो गया।

Rounak Dey

Rounak Dey

    Next Story