उत्तर प्रदेश

दूसरे दिन मनोहरपुर के जंगल में सरकारी भूमि की गई चिन्हित

Admin Delhi 1
7 Feb 2023 9:55 AM GMT
दूसरे दिन मनोहरपुर के जंगल में सरकारी भूमि की गई चिन्हित
x

हस्तिनापुर: एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग वन विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दूसरे दिन अभियान चलाकर मनोहरपुर के जंगल में सैकड़ों हेक्टेयर सरकारी भूमि को चिन्हित किया। गंगा के किनारे पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर दूसरे दिन भी सरकारी पंजा जमकर चला। रविवार को शेरपुर के जंगल में सैकड़ों हेक्टेयर भूमि को चिन्हित किया गया था

वहीं अभियान को जारी रखते हुए एसडीएम अखिलेश यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग, वन विभाग और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मनोहरपुर के जंगल में सोमवार को अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत उन्होंने यहां पर मौजूद सैकड़ों हेक्टेयर सरकारी भूमि को चिन्हित किया और भूमि का सीमांकन किया गया। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक लेखपाल आदि मौजूद रहे। वहीं, अधिकारियों के लगातार दूसरे दिन चले अभियान से गंगा किनारे सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं में हड़कंप मचा रहा।

वन विभाग के रेंजर नवरत्न सिंह के नेतृत्व सुबह से शाम तक अभियान चला। जिसमें मनोहरपुर के जंगल में मौजूद सरकारी भूमि को चिन्हित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम अखिलेश यादव ने तहसीलदार सचिन चौधरी के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि पर खेती करने वाले भूमाफियाओं के पसीने छूटते नजर आए और वह इधर-उधर दौड़ते रहे। परंतु कार्रवाई करने वाली टीम के नजदीक नहीं आ सके।

Next Story