- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur: बस में...
Gorakhpur: बस में महिला के पौधों पर भी टिकट जारी, कंडक्टर की मनमानी

गोरखपुर: एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहाँ एक रोडवेज बस की महिला कंडक्टर ने अपनी मनमानी करते हुए एक महिला यात्री के साथ ले जा रहे पौधों का भी टिकट काट दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो कंडक्टर ने साफ कह दिया कि टिकट तो कटेगा ही, शिकायत करनी हो तो कर दो! उसने जबरन पौधों के लिए 97 रुपये का टिकट काट दिया। अब इस मामले में परिवहन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी ने जाँच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गोरखपुर के तरंग तिराहे पर रहने वाली डॉक्टर जया अरुण, जो गोरखपुर के तारामंडल स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएड विभाग की विभागाध्यक्ष हैं, अपनी माँ से मिलने बस्ती गई थीं। रविवार सुबह जब वह एक झोले में 3-4 पौधे लेकर सरकारी रोडवेज बस (नंबर UP 51 AT 1061) से गोरखपुर लौट रही थीं, तो उन्होंने अपने पौधों को सीट के आगे रख दिया।
बस में चढ़ने के बाद कंडक्टर ने पहले डॉ. जया का टिकट काटा, और फिर अचानक पौधों की ओर इशारा करते हुए कहा, इसका भी टिकट लगेगा। सीट दी है, निकालो 97 रुपये। डॉ. जया ने इसका जमकर विरोध किया, लेकिन कंडक्टर ने उनकी एक न सुनी और जबरदस्ती बस्ती से गोरखपुर तक का 97 रुपये का टिकट पौधों के लिए भी काट दिया। बस में बैठे बाकी यात्रियों ने भी इसका विरोध किया, लेकिन कंडक्टर ने 97 रुपये डॉ. जया से वसूल ही लिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद कंडक्टर ने यह भी कहा कि आपको जहाँ शिकायत करनी है, कर दीजिए।
जाँच के बाद होगी कार्रवाई: डॉ. जया इस मनमानी करने वाली कंडक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही हैं। वहीं, इस मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग, लव कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी निजी सामान को साथ ले जाने पर कोई टिकट नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि अगर कंडक्टर ने पौधों का टिकट काटा है, तो इसकी जाँच करवा कर उचित कार्यवाही की जाएगी।





