- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur: जीटी रोड पर...

गोरखपुर: जीटी रोड पर अर्थला से मोहन नगर के बीच होने वाले जलभराव से इस मानसून में लोगों को राहत मिलेगी. आईटीएस कॉलेज के पास क्षतिग्रस्त नाले का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है. मार्च तक इसका काम पूरा हो जाएगा. इसके बाद जीटी रोड पर कहीं भी पानी की निकासी की समस्या नहीं रहेगी.
जीटी रोड पर अर्थला कट से मोहन नगर के बीच जलभराव की सबसे बड़ी समस्या थी. अर्थला में बिना बारिश भी पानी भर जाता था. पिछले साल मेट्रो स्टेशन के नीचे पड़े पाइप के स्थान पर नाला बनाकर अर्थला में जलभराव की समस्या दूर कर दी थी, लेकिन मेट्रो स्टेशन के बाद आईटीएस कॉलेज और आनंद औद्योगिक क्षेत्र के सामने फिर भी पानी भर रहा था.
इस कारण इस मार्ग के क्षतिग्रस्त होने पर इंटरलॉकिंग टाईल बिछाई गई थीं, लेकिन जलभराव के कारण टाइल भी लगभग टूट चुकी हैं. नगर निगम ने सर्वे किया तो पता चला कि इस हिस्से में बना नाला क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिस कारण बारिश में पानी का बहाव अधिक होने पर यह सड़क पर बहने लगता था. इसीलिए नगर निगम ने इसका एस्टीमेट बनाया और बीते सप्ताह नाला निर्माण शुरू कर दिया.
नगर निगम के मुताबिक करीब 150 मीटर के दायरे में नाला बनाया जा रहा है. इसके दोनों ओर सीसी का पक्का नाला है, सिर्फ इतना हिस्सा ही पुराना था. 22 लाख रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य में करीब ढाई माह का वक्त लगेगा. अधिकारियों का दावा है कि इसे हर हाल में मार्च से पहले पूरा कर लेंगे ताकि मानसून में लोगों को परेशानी न हो.
एक लाख वाहन चालकों को लाभ होगा: जीटी रोड शहर का सबसे पुराना और व्यस्ततम मार्गों में से है. इससे रोजाना करीब एक लाख वाहन गुजरते हैं. मानसून में यहां जलभराव से जाम लगता था और लोगों को परेशान होना पड़ता था. वहीं जलभराव के कारण मार्ग भी जर्जर हो रहा है. इसलिए बारिश न होने पर भी वाहन चालकों को यहां से गुजरने में रफ्तार कम करनी पड़ती है. नाला निर्माण के बाद जीटी रोड पर पानी की निकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा, जिससे एक लाख वाहन चालकों को फायदा होगा.
जीटी रोड पर आईटीएस कॉलेज के सामने पानी भर जाता था. इसीलिए 22 लाख रुपये से 150 मीटर दायरे में मुख्य नाले का निर्माण कराया जा रहा है. इसका निर्माण मार्च से पहले पूरा कर लिया जाएगा.
-देशराज सिंह, अधिशासी अभियंता





