- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur:...
Gorakhpur: महाशिवरात्रि पर सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ के अंतिम स्नान पर्व (महाशिवरात्रि) के दौरान तड़के से ही ऑनलाइन निगरानी बनाए रखी। इस विशेष अवसर पर आनुष्ठानिक व्यस्तता के बावजूद उन्होंने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में सीएम योगी ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की पीड़ा का निवारण सरकार की प्राथमिकता है।
बदमाशों और अतिक्रमणकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई: सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता को परेशान करने वाले, धमकाने वाले और संपत्ति कब्जाने वाले बदमाशों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा,
"किसी भी सूरत में अन्याय नहीं होगा, हर समस्या का समाधान पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए।"
इलाज के लिए हर जरूरतमंद को मिलेगी मदद: जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। सीएम योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार हर जरूरतमंद को इलाज के लिए पूरा सहयोग देगी। उन्होंने अधिकारियों को मेडिकल इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बच्चों से मुलाकात, चॉकलेट गिफ्ट और आशीर्वाद: गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सीएम योगी मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान बच्चों से मिले। उन्होंने बच्चों के साथ हंसी-मजाक किया, उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और चॉकलेट गिफ्ट देकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
महाशिवरात्रि पर गुरु गोरखनाथ की पूजा: बुधवार सुबह सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु, ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और भक्तों से भी बातचीत की।





