- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur: धारदार...
Gorakhpur: धारदार हथियार से मां-बेटी की निर्मम हत्या

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर के चौरी चौरा क्षेत्र के शिवपुर चकदहा गांव में एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने 45 वर्षीय विधवा पूनम निषाद और उनकी 13 वर्षीय बेटी अनुष्का की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
वारदात की रात: बड़ी बेटी को किया कमरे में बंद: घटना देर रात की है, जब हमलावर घर में घुसे और पूनम निषाद की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने छोटी बेटी अनुष्का पर भी जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल अनुष्का को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
इस वारदात के दौरान घर में मौजूद बड़ी बेटी खुशबू को हमलावरों ने एक कमरे में बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं आ सकी। घटना के बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
हत्या के पीछे आपसी रंजिश का शक
गांववालों के अनुसार, पूनम निषाद की गांव के ही एक व्यक्ति से नजदीकी थी, लेकिन कुछ महीनों पहले दोनों के बीच विवाद हो गया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।
जांच में जुटी पुलिस, संदिग्ध हिरासत में
पुलिस ने शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।





