- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur: सीएम योगी...
Gorakhpur: सीएम योगी ने महाशिवरात्रि पर किया रुद्राभिषेक

गोरखपुर: गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बुधवार को रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से लोक मंगल और राष्ट्र कल्याण की कामना की। यह अनुष्ठान गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास स्थित शक्ति मंदिर में संपन्न हुआ।
रुद्राभिषेक और हवन का आयोजन: बुधवार सुबह सीएम योगी ने शक्ति मंदिर में भगवान भोलेनाथ का गोदुग्ध से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान मठ के पुरोहितों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों का उच्चारण किया। इसके बाद हवन और आरती कर उन्होंने चराचर जगत के कल्याण के लिए आदियोगी महादेव से प्रार्थना की। यह अनुष्ठान दो घंटे से अधिक समय तक चला।
गोरखनाथ मंदिर में भी किया जलाभिषेक
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने भगवान नंदी की पूजा कर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
गोरक्षपीठ के लिए महाशिवरात्रि का विशेष महत्व
नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ को भगवान शिव का अवतार माना जाता है। गोरखनाथ मंदिर की स्थापना भी लोक कल्याण और जनहित की भावना पर आधारित है। इसी कारण गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।





