- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gorakhpur: 7वीं की...
Gorakhpur: 7वीं की छात्रा ने मां की डांट से नाराज होकर की आत्महत्या

गोरखपुर: गुलरिहा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गांव में रविवार शाम एक हृदयविदारक घटना में 14 वर्षीय छात्रा अनुष्का निषाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अनुष्का कक्षा 7 की छात्रा थी और उसने पारिवारिक नाराजगी के बाद यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि मां की डांट से नाराज होकर वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक जब अनुष्का बाहर नहीं निकली तो परिजन चिंतित हो उठे। तभी बगल में मौजूद बुआ के बेटे अभिषेक ने खिड़की तोड़कर कमरे में झांका तो देखा कि अनुष्का का शव पंखे से लटक रहा है। आनन-फानन में परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, अनुष्का के पिता राजेश निषाद रोजी-रोटी के लिए बंगलूरू में मजदूरी करते हैं। वह दो बहनों में बड़ी थी, जबकि उसकी छोटी बहन इन दिनों ननिहाल में है।
गुलरिहा पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
घटना के बाद गांव और परिवार में गहरा मातम छा गया है। लोग मासूम छात्रा की असमय मौत से स्तब्ध हैं।





