उत्तर प्रदेश

Gonda: सास-बहू की मौत से गांव में पसरा मातम, पुलिस जुटी जांच में

Admindelhi1
12 May 2025 6:40 PM IST
Gonda: सास-बहू की मौत से गांव में पसरा मातम, पुलिस जुटी जांच में
x
गांव में मचा हड़कंप

गोंडा: जिले के लक्ष्मणपुर लाल नगर गांव में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब सास और बहू के शव अलग-अलग स्थानों पर फंदे से लटकते मिले। बहू का शव घर के अंदर कमरे में और सास का शव पास के गन्ने के खेत में शीशम के पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है लेकिन घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मृतकों की पहचान संगीता देवी और उनकी सास छोटका देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संगीता अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ मायके में रह रही थी और चार दिन पहले ही वह ससुराल लौटी थी। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उसका बेटा जोर-जोर से रोने लगा, तो गांव के एक युवक ने उसके कमरे की ओर रुख किया। दरवाजा भीतर से बंद था। खिड़की से झांकने पर देखा गया कि संगीता का शव फंदे से लटका हुआ था और पास में बच्चा रो रहा था।

गांववालों ने दीवार तोड़कर दरवाजा खोला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में जुटी ही थी कि कुछ देर बाद घर से थोड़ी दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में छोटका देवी का शव भी पेड़ से लटकता मिला। एक साथ दो मौतों ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया।

मौके पर एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत, सीओ सदर राजेश सिंह, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस अधिकारियों ने परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन किसी ठोस कारण का खुलासा नहीं हो सका।

थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संगीता की आत्महत्या की पुष्टि हुई है और संभवतः बहू की मौत का सदमा सास बर्दाश्त नहीं कर सकीं, इसलिए उन्होंने भी जान दे दी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस संबंध में अब तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।

Next Story