- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gonda: कार को ट्रक ने...
Gonda: कार को ट्रक ने मारी टक्कर, नवविवाहिता की मौत

गोंडा: अयोध्या दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को सोमवार सुबह गैस सिलेंडर लादकर जा रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतका के पति, पिता और दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतका के पति की हालत नाजुक बताई जा रही है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के सोमरही गांव निवासी दिवाकर पांडेय की बेटी रागिनी (24) की शादी 1 मार्च को परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनावा निवासी रवि तिवारी से हुई थी। सोमवार को दिवाकर पांडेय, उनकी बेटी रागिनी, दामाद रवि तिवारी और बेटे अविरल व आशुतोष अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोल्हमपुर माता मंदिर मोड़ पर सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से मची चीख-पुकार: टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही रागिनी की मौत हो गई, जबकि दिवाकर पांडेय, रवि तिवारी, अविरल और आशुतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दिवाकर पांडेय को छुट्टी दे दी गई, लेकिन गंभीर रूप से घायल रवि, अविरल और आशुतोष को अयोध्या के दर्शन नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रवि तिवारी की हालत नाजुक: डॉक्टरों के मुताबिक, रवि तिवारी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





