उत्तर प्रदेश

Gonda: भूमि विवाद में खेत की रखवाली करने गए युवक की हत्या

Admindelhi1
4 March 2025 9:45 AM IST
Gonda: भूमि विवाद में खेत की रखवाली करने गए युवक की हत्या
x
"पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज"

गोंडा: देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में रविवार देर रात भूमि विवाद की रंजिश में कुछ लोगों ने खेत की रखवाली करने गए युवक को लाठी-डंडों और धारदार हथियार से बुरी तरह घायल कर दिया। इलाज के दौरान लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में उसकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

घात लगाकर किया हमला: देहात कोतवाली क्षेत्र के महादेवा गांव (मजरा पिपरी सागर) निवासी विजय कुमार के अनुसार, रविवार रात उनका बेटा पवन उर्फ मनोज खेत की रखवाली करने जा रहा था। रास्ते में पोखरे के पास पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही भोला, आदित्य, संतोष, संजय और देवी प्रसाद ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

लखनऊ में इलाज के दौरान तोड़ा दम: घटना के बाद रक्तरंजित पवन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान रात में ही उसकी मौत हो गई।

पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी: मामले में मृतक के पिता विजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने भोला, आदित्य, संतोष, संजय और देवी प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है। देहात कोतवाली पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Next Story