- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Gonda: सड़क दुर्घटना...
Gonda: सड़क दुर्घटना में कारोबारी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोंडा: गुजरात के सूरत से भतीजे की शादी में शामिल होने गांव आए कारोबारी भोलानाथ दूबे के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी की खुशियां समेटकर वापस लौट रहे परिवार की एसयूवी मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गुरुवार सुबह भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में भोलानाथ दूबे के बेटे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भोलानाथ, उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी के जश्न के बाद लौट रहा था परिवार
धानेपुर थाना क्षेत्र के दूबेपुरवा भवानीपुर गांव निवासी भोलानाथ दूबे सूरत में परिवार सहित रहते हैं, जहां उनका पैकिंग का कारोबार है। वह बीते 30 मई को भतीजे की शादी में शामिल होने परिवार समेत गांव आए थे। बुधवार को मांगलिक कार्यक्रम के बाद वे निजी कार से सूरत लौट रहे थे। उनके साथ तरबगंज क्षेत्र के शीशौ गांव निवासी रमेश पांडेय का परिवार भी था। रमेश खुद अपने बहनोई दिवाकर के साथ दूसरी कार में थे, जबकि उनकी पत्नी प्रमिला, बेटा प्रियांशु और बहन शिवदेवी (पत्नी दिवाकर तिवारी) भोलानाथ की कार में सवार थे।
राजगढ़ में भीषण हादसा, चार की मौके पर मौत
गुरुवार सुबह जब कार मध्यप्रदेश के करनवास थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में भोलानाथ के बेटे अनमोल उर्फ आयुष (16), रमेश के बेटे प्रियांशु (14), पत्नी प्रमिला और बहन शिवदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोलानाथ, उनकी पत्नी पुष्टम (46) और बेटी अंशिका (13) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया।
अयोध्या दर्शन के बाद रवाना हुए थे सूरत के लिए
जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवार शादी के बाद पहले अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दर्शन-पूजन के बाद वे गुजरात लौट रहे थे। अयोध्या में खुशियों से भरे चेहरे कुछ ही घंटों बाद मातम में बदल गए।
एक ही झटके में सब कुछ खो बैठे रमेश पांडेय
हादसे में रमेश पांडेय की पत्नी, बेटा और बहन की मौत ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी। वह खुद दूसरी कार में होने के कारण बाल-बाल बच गए। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतकों के परिजन मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पूरे इलाके में मातम पसरा है और हर आंख नम है। लोग इस असामयिक घटना से स्तब्ध हैं और ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।





