उत्तर प्रदेश

Gonda: 12 वर्षीय बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत

Admindelhi1
28 Jun 2025 1:11 PM IST
Gonda: 12 वर्षीय बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत
x
"गांव में पसरा मातम"

गोंडा: बरडांड़ के पूरे तिलक गांव में एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा गांव के पास स्थित एक ईंट भट्टे के समीप हुआ, जहां ग्राम समाज की जमीन पर बने गहरे गड्ढे में बालक खेलते-खेलते गिर गया।

मृतक की पहचान राज (उम्र लगभग 12 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार, राज दोपहर में घर से खेलने के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। इस बीच गांव के ही युवक धीरू ने बताया कि राज को पानी में डूबते हुए देखा गया है।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पंपिंग सेट की मदद से पानी निकालकर राज को बाहर निकाला और तत्काल उसे सीएचसी इटियाथोक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर लगते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राज के पिता कैलाश मजदूरी करते हैं और मां मालती का रो-रोकर बुरा हाल है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र कनौजिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ग्राम समाज की लापरवाही से हुआ हादसा?

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के दक्षिण दिशा में स्थित ग्राम समाज की जमीन से गांव के ही जफर उल्ला द्वारा मिट्टी निकाली गई थी, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया था। बारिश का पानी भर जाने के बाद यह जानलेवा तालाब में तब्दील हो गया और इसी में डूबकर राज की जान चली गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार के खुले और खतरनाक गड्ढों को तत्काल पाटा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

Next Story