उत्तर प्रदेश

SSC की परीक्षा देने आई छात्रा से दुष्कर्म

Teja
15 Feb 2023 12:11 PM GMT
SSC की परीक्षा देने आई छात्रा से दुष्कर्म
x

कानपुर। महानगर में एसएससी की परीक्षा देने आई छात्रा से ऑटो ड्राइवर ने दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पैसे भी लूट लिए। घटना की प्राथमिकी दर्ज करके दबिश डालने गई पुलिस पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी इससे पहले दुष्कर्म के ही जुर्म में 10 साल की सजा काट चुका है। प्राप्त विवरण के मुताबिक 20 साल की छात्रा को 13 फरवरी को कल्याणपुर में एसएससी की परीक्षा देनी थी। वह 11 फरवरी की शाम को गुरुदेव मेट्रो स्टेशन पहुंची। यहां परीक्षा से दो दिन पहले वह अपनी एक सहेली के पास रुकने के लिए आई थी।

लेकिन यहां पहुंचने के बाद सहेली से उसका संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद वह परेशान होकर मेट्रो स्टेशन के पास बैठ गई और होटल सर्च करने लगी। इस बीच, ऑटो ड्राइवर मंगल उसके पास आया। उसने छात्रा को होटल दिलाने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर लड़की उसके ऑटो में बैठ गई। इसके बाद मंगल उसे कानपुर यूनिवर्सिटी के पास सुनसान एरिया में ले गया। वहां रेलवे क्रॉसिंग के पास गाड़ी रोकी और झाड़ी में ले जाकर रेप किया। घटना को अंजाम देने के बाद उसने लड़की के बैग से पांच हजार रुपए भी लूट लिए। पीड़िता ने 12 फरवरी को कल्याणपुर थाने में रेप और लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर के रहने वाले मंगल के रूप में की।

उसकी गिरफ्तारी के लिए मंगलवार सुबह पुलिस ने दलहन रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी मंगल के पैर में गोली मारी। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट का पर्स भी बरामद किया गया है। डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने बताया कि आरोपी मंगल एक सजायाफ्ता अपराधी है। उसने 2008 में भी एक युवती से रेप किया था। इस मामले में उसे 2012 में 10 साल की कैद की सजा हो चुकी है। जिसे पूरा कर साल 2017 में ही वह रिहा हुआ था। इतना ही नहीं, आरोपी ने पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी शादी की और उसके तीन बच्चे हैं। मंगल मजदूरी और छोटे-मोटे काम करके अपना जीवन यापन करता था। ज्यादातर समय बर्फ के गोले बनाने का कार्य करता था। आरोपी मंगल से पूछताछ करके उसके अन्य किसी अपराध में संलिप्त होने की जानकारी की जा रही है।

Next Story