उत्तर प्रदेश

बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह से बालिका की मौत, मां गम्भीर रूप से घायल

Rani Sahu
21 Aug 2022 11:45 AM GMT
बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह से बालिका की मौत, मां गम्भीर रूप से घायल
x
उत्तर प्रदेश में महोबा के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक बालिका की मौत हो गयी और उसकी मां गम्भीर रूप से घायल हो गई
महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह जाने से उसके मलबे में दबकर एक बालिका की मौत हो गयी और उसकी मां गम्भीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस उप अधीक्षक आर पी राय ने बताया कि बीजानगर गांव में रक्षाबंधन के त्योहार पर भाइयों को राखी बांधने के लिए रामधनी पाल की पुत्री रामदेवी अपने पिता के घर आई थी। गांव के बाहर खेत मे बने अपने मकान में सुबह के समय रामदेवी जब अपनी पांच साल की पुत्री बबली को खाना खिला रही थी।
तभी बारिश के दौरान उनका यह कच्चा मकान एकाएक भरभरा कर गिर जाने से दोनो उसके मलबे में दब गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मलबे को हटा महिला और उसकी बेटी को बाहर निकाला लेकिन तब तक बबली की मौत हो चुकी थी।
पुलिस उप अधीक्षक ने बताया कि मलबे में दबकर गम्भीर रूप से घायल हुई महिला रामदेवी को परिजनों द्वारा इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उसे सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया है।
इलाज के उपरांत चिकित्सकों ने महिला की हालत खतरे से बाहर बताई है। उधर पुलिस ने मामले की जानकारी होने पर मृत बालिका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ओर मामले की जांच कर रही है।
Next Story