- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghazipur: मंदिर से...

गाजीपुर: मां कामाख्या धाम से निशा आरती कर लौट रहे एक युवक की रविवार देर रात मनबढ़ों ने बेरहमी से रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमला इतना खौफनाक था कि युवक के दोस्त भी दहशत में आ गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना गहमर कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग पर गहमर और बारा के बीच स्थित एक होटल के पास रात करीब 1 बजे हुई। मृतक की पहचान बिहार के चौसा निवासी देव कसेरा (पुत्र ज्योति प्रकाश कसेरा) के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ दर्शन कर घर लौट रहा था।
इस दौरान कुछ युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया और रॉड से हमला कर दिया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे, जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत पुलिस को फोन कर सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल देव को भदौरा सीएचसी लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और रो-रोकर बेहाल हो गए।
कोतवाली प्रभारी अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी है।





