उत्तर प्रदेश

Ghazipur: छात्र की हत्या, परिजनों का आक्रोश फूटा

Admindelhi1
19 Aug 2025 12:26 PM IST
Ghazipur: छात्र की हत्या, परिजनों का आक्रोश फूटा
x

गाजीपुर: जनपद गाजीपुर के महाराजगंज स्थित सनबीम स्कूल में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ कक्षा 10 वीं के छात्र आदित्य वर्मा (निवासी यूसुफपुर गंज) की स्कूल परिसर में ही धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमले के बाद मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार गाजीपुर ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, आदित्य वर्मा पुत्र शिवजी वर्मा रोज़ाना की तरह सुबह विद्यालय पढ़ने गया था। लगभग 9:30 बजे कक्षा 9 के दो छात्रों ने अचानक उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक छात्र के पिता शिवजी वर्मा ने नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा और अनुशासन की घोर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह दर्दनाक घटना घटित हुई। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।

घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में गहरा आक्रोश है। सवाल यह उठ रहा है कि विद्यालय परिसर में छात्र धारदार हथियार लेकर कैसे पहुँचे? यह स्कूल प्रशासन की बड़ी लापरवाही को उजागर करता है पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक छात्र का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

Next Story