- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghazipur: विधानसभा में...
Ghazipur: विधानसभा में विधायक ने विश्वविद्यालय और बुनियादी सुविधाओं की उठाई मांग

लखनऊ: परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का नाम कंपोजिट विद्यालय धामूपुर से हटाने और उसे पुनः अंकित करने का मुद्दा विधानसभा में जोरशोर से उठा। मुहम्मदाबाद से सपा विधायक शोएब अंसारी ने सदन में यह मामला रखते हुए कहा कि देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का अपमान नहीं होना चाहिए।
शिक्षा और आधारभूत संरचना की मांग: विधायक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी इस मुद्दे की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मुहम्मदाबाद में न तो कोई विश्वविद्यालय है और न ही कोई पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग कॉलेज या महिला डिग्री कॉलेज। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से इनकी स्थापना की मांग की।
इसके अलावा, बिहार तक हाईवे जोड़ने और उसे चौड़ा करने की भी मांग रखी, जिससे हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
ट्रामा सेंटर की अव्यवस्थाओं पर सवाल: विधायक अंसारी ने मुहम्मदाबाद में संचालित ट्रामा सेंटर की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि यहां केवल दो डॉक्टर कार्यरत हैं, उनके लिए पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं है, और एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध नहीं। उन्होंने ट्रामा सेंटर में सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की।
बिजली संकट और मिनी स्टेडियम की आवश्यकता: विधानसभा में विधायक ने बिजली आपूर्ति की समस्याओं को भी उजागर किया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में क्षेत्र में न तो कोई नया पावर हाउस बना है और न ही कोई सब-स्टेशन स्थापित हुआ है, जिससे गर्मी और सिंचाई के मौसम में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा, उन्होंने मुहम्मदाबाद में एक मिनी स्टेडियम स्थापित करने की भी मांग की, ताकि युवाओं को खेल-कूद के लिए उचित सुविधाएं मिल सकें।





