उत्तर प्रदेश

Ghazipur: बिजली विभाग ने संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत के मामले में सख्त कार्रवाई की

Admindelhi1
4 March 2025 1:04 PM IST
Ghazipur: बिजली विभाग ने संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत के मामले में सख्त कार्रवाई की
x
"बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई"

गाजीपुर: बिजली के पोल पर फॉल्ट दुरुस्त करने के दौरान संविदा लाइनमैन की करंट लगने से मौत के मामले में बिजली विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना के बाद एक कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी गई, दो को निलंबित कर दिया गया और एक के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है।

जिम्मेदारों पर गिरी गाज

जानकारी के अनुसार, SSO अवधेश पाल को टर्मिनेट कर दिया गया है। साथ ही, अवर अभियंता (JE) अशोक कुमार और उपखंड अधिकारी (SDO) दिलीप साहू को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, अधिशाषी अभियंता (EE) आशीष कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

पांच घंटे तक तारों पर लटका रहा शव, कर्मचारी हुए गायब

एक दिन पहले लठठूडीह गांव में बिजली का फॉल्ट सुधारने के दौरान संविदा लाइनमैन देवेंद्र राय (50) करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव करीब पांच घंटे तक बिजली के तारों पर लटका रहा, लेकिन पावर हाउस के कर्मचारी मोबाइल स्विच ऑफ कर मौके से फरार हो गए।

गांव में बिजली नहीं थी, फिर कैसे आया करंट?

ग्रामीणों के अनुसार, देवेंद्र राय ने पोल पर चढ़ने से पहले करीमुद्दीनपुर पावर हाउस से शटडाउन लिया था, ताकि लाइन में करंट न रहे। लेकिन फॉल्ट ठीक करने के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने चितबड़ागांव-दुबिहा-रसड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर मुहम्मदाबाद एसडीएम हर्षिता तिवारी, सीओ शेखर सेंगर और एसडीओ दिलीप साहू पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों की मांग: मृतक के बेटे को मिले नौकरी

परिजनों ने मृतक के पुत्र को नौकरी देने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

Next Story