- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: धर्मांतरण...
Ghaziabad: धर्मांतरण केस में राहुल विहार से दो आरोपियों की गिरफ्तारी

गाजियाबाद: क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने धर्मांतरण के मामले में विनोद कुंजूमोन निवासी राजेंद्र नगर साहिबाबाद व प्रेमचंद निवासी बहरामपुर को गिरफ्तार कर लिया। विनोद से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह 28 साल से ईसाई धर्म का प्रचार कर रहा था। प्रेमचंद को भी उसने अपने साथ जोड़ लिया था और उसको इसका पैसा दिया जा रहा था। आरोपियों को कहां से फंडिंग हो रही थी, इस पहलू की पुलिस जांच कर रही है।
एसीपी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि 16 जून को राहुल विहार में धमार्तंरण कराए जाने की सूचना मिली थी। इस मामले में प्रबल गुप्ता ने अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि प्रेमचंद के घर में लोगों को ईसाई धर्म के बारे में बताया जा रहा है। उनको किताबें बांटी जा रही थीं और मकान देने, शादी कराने समेत अन्य प्रलोभन दिए जा रहे थे।
पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों को कहां-कहां से फंडिंग हो रही थी, इसकी भी जांच की जा रही है। उनके खातों में हुए लेनदेन से पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





