- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: मानव औषधि...
Ghaziabad: मानव औषधि पार्क में वृक्ष गिरा, दुर्घटना से टला संकट

गाज़ियाबाद: राजनगर सेक्टर-4 स्थित मानव औषधि पार्क में आज सुबह बड़ा हादसा टल गया। प्रातः लगभग 4 बजे पार्क में खड़ा पिलखन का विशाल वृक्ष अचानक जड़ों समेत उखड़कर गिर पड़ा। खास बात यह रही कि घटना के समय न तो आंधी-पानी था और न ही योग कक्षा संचालित हो रही थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से यहां लगभग 25 साधक योगाभ्यास के लिए आते हैं। सौभाग्य से घटना के समय कोई साधक मौजूद नहीं था। साथ ही, पार्क के समीप खड़ी गाड़ियां भी पेड़ की चपेट में आने से बच गईं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पार्क में खड़े कई पुराने वृक्षों की जड़ें लंबे समय से पानी में डूबी हुई हैं, जिससे उनकी मजबूती कमजोर हो रही है। भारी-भरकम शाखाओं का संतुलन बिगड़ने से किसी भी समय और पेड़ गिरने की आशंका बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी एवं योग साधक प्रदीप चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए आश्वासन दिया कि नागरिकों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों को ध्यान में रखकर शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी।
प्रदीप चौधरी ने इस बाबत स्थानीय पार्षद प्रवीण चौधरी और महापौर सुनीता दयाल को भी अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि पार्क में वृक्षों की छंटाई और सुरक्षा संबंधी कदम जल्द उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके।





