उत्तर प्रदेश

गोवा अग्निकांड के बाद गाजियाबाद में सख्ती, फायर विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी

SHIDDHANT
12 Dec 2025 8:15 PM IST
गोवा अग्निकांड के बाद गाजियाबाद में सख्ती, फायर विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी
x
Ghaziabad गाजियाबाद। उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइट क्लब में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क हो गई है। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवा, उ.प्र., लखनऊ तथा पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशानुसार जिले में संचालित क्लबों, बार, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थलों पर फायर सुरक्षा की व्यापक जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान के तहत फायर स्टेशन की टीमों ने कुल 11 प्रमुख स्थलों पर अग्निशमन सुरक्षा उपायों का परीक्षण किया।
जिन स्थलों की जांच की गई, उनमें होटल वाईसीआर इन (इंद्रपुरी, लोनी), वाईपीआर बैंक्वेट एवं रेस्टोरेंट (मोदीनगर), होटल ड्रीम हाउस (मोदीनगर), माउंट ग्रीन फार्म हाउस (राजनगर एक्सटेंशन), रेड कांटिनेंटल बैंक्वेट हॉल (राजनगर एक्सटेंशन), रेड कारपेट बैंक्वेट हॉल (राजनगर एक्सटेंशन), वेलवेट लीफ बैंक्वेट हॉल (राजनगर एक्सटेंशन), मैकडोनाल्ड (वसुंधरा सेक्टर-1), मोहन ढाबा एवं रेस्टोरेंट (वैशाली सेक्टर-5), पैपर्स पिज्जा (वसुंधरा सेक्टर-2ए) और भाटी ढाबा एवं रेस्टोरेंट (मेवाड़ कॉलेज के निकट, वसुंधरा) शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान फायर अधिकारियों ने प्रत्येक स्थल पर मौजूद कर्मियों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का अल्प प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्हें आग लगने की स्थिति में शुरुआती प्रतिक्रिया, आग से होने वाली संभावित जन-धन हानि की रोकथाम और बचाव संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त भवनों में स्थापित विद्युत सुरक्षा प्रणाली का परीक्षण कर अधिकारियों ने सभी संबंधितों को नियमित इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराए जाने की कड़ी सलाह दी।
फायर विभाग ने सभी भवन स्वामियों को निर्देशित किया है कि वे अपने परिसर में स्थापित अग्निशमन प्रणालियों को सदैव ऑटो मोड पर रखते हुए पूरी तरह कार्यशील स्थिति में बनाए रखें। साथ ही सभी निकास द्वारों और आपात मार्गों को हमेशा अवरोधों से मुक्त रखने का आदेश दिया गया है ताकि आपात स्थिति में लोगों का सुरक्षित और त्वरित निकास सुनिश्चित हो सके। गाजियाबाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोकना और गोवा हादसे जैसी त्रासदी की पुनरावृत्ति से बचना है। फायर विभाग का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में और भी स्थानों पर जारी रहेगा, जिससे पूरे जिले में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Next Story