- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: सपा नेता...
Ghaziabad: सपा नेता दीपक गोयल का 2027 चुनाव को लेकर बड़ा बयान

गाजियाबाद: मौजूदा सरकार द्वारा प्रदेश के विकास को "8 साल बेमिसाल" बताने के दावों पर सवाल उठाते हुए गाजियाबाद के उद्योगपति और समाजवादी पार्टी के समर्पित नेता दीपक गोयल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार महज झूठ और प्रचार के दम पर सत्ता में बनी हुई है, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
सरकार के दावों पर उठे सवाल
दीपक गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए केवल प्रचार-प्रसार में लगी हुई है। "8 साल बेमिसाल" जैसी योजनाएं आम जनता को गुमराह करने का तरीका मात्र हैं। सच्चाई यह है कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
जनता में बढ़ता आक्रोश..
उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से जनता में गहरी नाराजगी है। विभिन्न वर्गों को आपस में लड़ाने और धर्म की आड़ में राजनीति करने की नीति ज्यादा दिन तक नहीं चल सकती। "सरकार को अब यह एहसास हो गया है कि जनता का भरोसा पूरी तरह से उठ चुका है, इसलिए किसी भी तरह से लोगों को गुमराह करने के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।"
2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी की नीतियां ही जनता को सही दिशा देंगी। उन्होंने कहा, "आम जनता अब भाजपा के झूठे वादों में नहीं फंसने वाली। 2027 में समाजवादी पार्टी की धार ही प्रदेश की नैया पार लगाएगी।" उन्होंने जनता से अपील की कि वे सच्चाई को पहचानें और आने वाले चुनाव में सपा को अपना समर्थन दें।
भाजपा की ‘शाम-दाम-दंड-भेद’ नीति पर हमला
दीपक गोयल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है। चाहे मीडिया प्रबंधन हो, राजनीतिक विरोधियों पर कार्रवाई हो या फिर समाज को धर्म के नाम पर बांटने की साजिश-भाजपा सरकार का पूरा ध्यान सिर्फ सत्ता बचाने पर है। लेकिन अब जनता इस षड्यंत्र को समझ चुकी है और अपने वोट की ताकत से सरकार को जवाब देने के लिए तैयार है।
समाजवादी पार्टी का संकल्प
उन्होंने कहा कि सपा हमेशा जनता के हक और हकूक की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी। "हमारी प्राथमिकता प्रदेश का विकास, युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश को एक नई दिशा मिलेगी।
दीपक गोयल के बयान से साफ संकेत मिलता है कि 2027 का चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। मौजूदा सरकार की कार्यशैली और जनता के बीच बढ़ती नाराजगी को देखते हुए यह स्पष्ट है कि सत्ता परिवर्तन की बयार बहने लगी है। अब देखना यह होगा कि जनता आगामी चुनाव में किसे अपना आशीर्वाद देती है और किसे नकारती है।
