उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: सेतु निगम ने हिंडन पर नए पुल के लिए शासन को डीपीआर भेजा

Admindelhi1
25 March 2025 3:11 PM IST
Ghaziabad: सेतु निगम ने हिंडन पर नए पुल के लिए शासन को डीपीआर भेजा
x
"15 मीटर की चौड़ाई में 240 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा"

गाजियाबाद: सिद्धार्थ विहार में हिंडन नदी पर नए पुल के निर्माण में करीब 35 करोड़ की लागत आने का अनुमान है। सेतू निगम ने नए पुल के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट शासन को भेज दी है। चार लेन यानी 15 मीटर की चौड़ाई में 240 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा।

सेतु निगम अधिशासी अभियंता रजनीश यादव ने बताया कि सर्वे का काम पूरा होने के बाद भू-परीक्षण का काम भी लगभग पूरा हो गया है। अगले महीने टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाने की उम्मीद है। बजट मिलते ही मई-जून में निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस पुल कि लिए सिंचाई विभाग से भी अनुमति मिल गई है। राज्य के जल शक्ति मंत्रालय से भी हरी झंडी मिल चुकी है।

10 साल से चली आ रही थी मांग

लाइनपार आरडब्ल्यू अध्यक्ष आरके आर्य ने बताया कि 10 साल पहले आवास विकास की ओर से यहां सिद्धार्थ विहार और गंगा यमुना हिंडन अपार्टमेट के साथ कई आवासीय योजनाएं लाई गई थी। इंदिरापुरम और वसुंधरा जाने के लिए हिंडन पर एक सकरा पुल है जो सिंगल लेन है। आबादी बढ़ने के बाद इस रोड पर अक्सर जाम की स्थिति रहती है। लोगों को पांच किलोमीटर से अधिक का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। लाइनपार की आबादी करीब पांच लाख है। इस पुल के बनने से लाखों लोगों को फायदा होगा।

18 महीने में बनकर हो जाएगा तैयार

हिंडन के नए पुल के निर्माण में 12 से 18 महीने का समय लगेगा। पुल के बीच मे डिवाइडर बनाया जाएगा। पुल के दोनों छोर पर फुटपाथ भी बनाया जाएगा। सिद्धार्थ विहार निवासी नंद नेगी का कहना है कि इस पुल के बन जाने से नोएडा और दिल्ली के लिए आवागमन सरल हो जाएगा। इसी के साथ ही यातायात भी सामान्य हो जाएगा।

Next Story