उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: भूमि पूजन के साथ रामलीला महोत्सव का श्रीगणेश, भक्तों में उत्साह

Admindelhi1
20 Aug 2025 12:25 PM IST
Ghaziabad: भूमि पूजन के साथ रामलीला महोत्सव का श्रीगणेश, भक्तों में उत्साह
x

गाजियाबाद: उत्तर भारत की विशिष्ट पहचान बना चुकी श्री धार्मिक रामलीला समिति कविनगर की भव्य रामलीला का आगाज रविवार को भूमि पूजन के साथ हो गया। कविनगर रामलीला मैदान में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ। भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंजते माहौल में सांसद अतुल गर्ग ने फावड़ा चलाकर रामलीला महोत्सव-2025 का शुभारंभ किया।

समिति अध्यक्ष ललित जायसवाल और महामंत्री भूपेंद्र चोपड़ा ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला को और भी आकर्षक, भव्य और मनोरंजक स्वरूप दिया जा रहा है। रामलीला का शुभारंभ 18 सितंबर को विशाल शोभा यात्रा के साथ होगा, जिसमें बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़े, शहनाई, पारंपरिक झांकियां, सामाजिक व देशभक्ति tableaux शामिल होंगी। 19 सितंबर को माता की विशाल चौकी का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष भी प्रतिदिन सम्पूर्ण रामायण का मंचन होगा।

भूमि पूजन अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों में दूधेश्वर नाथ मठ के महंत नारायण गिरी, आध्यात्मिक गुरु पवन सिंहा, सांसद अतुल गर्ग, प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, एमएलसी दिनेश गोयल, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक संजीव शर्मा, भाजपा पश्चिमी यूपी अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, यशोदा अस्पताल निदेशक पी.एन. अरोड़ा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, पूर्व महापौर आशु वर्मा और आशा शर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त समाजसेवी, व्यापारिक जगत और प्रशासनिक अधिकारियों में सुनील मिगलानी, पार्षद अमित त्यागी, बलदेव राज शर्मा, पूर्व विधायक रूप चौधरी, रालोद नेता इंद्रजीत सिंह टीटू, सपा नेता राहुल चौधरी, एडीएम विकास कश्यप, एडीएम अरुण कुमार, एसीपी भास्कर वर्मा व रितेश त्रिपाठी समेत अन्य कई विशिष्ट हस्तियां शामिल हुईं।

कार्यक्रम के अंत में भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई, जिसे समिति के पदाधिकारियों ने स्वयं उपस्थित अतिथियों को परोसा। सभी अतिथियों ने समिति के आतिथ्य और शानदार व्यवस्था की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Next Story