उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: अगस्त में जारी होंगे नए सर्किल रेट, घर बनाना होगा और खर्चीला

Admindelhi1
14 May 2025 6:51 PM IST
Ghaziabad: अगस्त में जारी होंगे नए सर्किल रेट, घर बनाना होगा और खर्चीला
x
अगस्त में जारी होगी नई दर

गाजियाबाद: लगातार दूसरे साल प्रशासन सर्किल रेट बढ़ा सकता है। इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बार दरों में पांच से दस फीसदी वृद्धि की तैयारी है। शासन से इसका आदेश आ चुका है। मेरठ में प्रशासन के अफसरों की मीटिंग हो चुकी है। इसके बाद स्टांप विभाग प्रस्ताव तैयार करने में जुट गया है। स्टांप के अधिकारी डीएम के साथ मीटिंग कर प्रस्ताव पर निर्णय लेंगे। प्लाट और फ्लैट के सर्किल रेट बढ़ाने की योजना है।

पिछले वर्ष सितंबर माह की शुरूआत में सर्किल रेट बढ़े थे। कृषि भूमि के सर्किल रेट दस फीसदी बढ़ाए गए थे और आवासीय और व्यावसायिक समेत अन्य सभी मकान, दुकान, प्लाट और फ्लैट के रेट में 15 से 20 फीसदी की वृद्धि की गई थी। इससे पहले कोरोना की वजह से दो साल तक दरें नहीं बढ़ाई गई थीं।

पिछले साल सिटी और आदित्य वर्ल्ड सिटी में 20 फीसदी से ज्यादा की वृद्धि की गई थी। एआईजी स्टांप पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि हापुड़ और बुलंदशहर सहित कई जिलों में पिछले कई वर्ष से सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए थे, लेकिन गाजियाबाद में पिछले वर्ष सितंबर में रेट बढ़े थे। इसलिए तत्काल रेट नहीं बढ़ाए जाएंगे, लेकिन अगस्त में शहरी क्षेत्र में पांच से 10 फीसदी तक रेट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। जिलाधिकारी के निर्णय के बाद नया सर्किल रेट लागू होगा।

बैनामे के लिए ज्यादा देनी होगी स्टांप ड्यूटी: नए सर्किल रेट लागू हो जाने से न केवल संपत्ति महंगी हो जाएगी, बल्कि बैनामा कराने में ज्यादा खर्च भी आएगा। महिलाओं के लिए स्टांप ड्यूटी छह फीसदी और पुरुषों के लिए सात फीसदी है। इसका अर्थ यह है कि अगर पुरुष 20 लाख की संपत्ति खरीदता है तो स्टांप ड्यूटी में 1.40 लाख रुपये देने होंगे। महिला को 1.30 लाख रुपये देने होंगे। महिलाओं को 10 लाख तक की संपत्ति पर एक फीसदी की छूट है।

Next Story