- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: चार सरकारी...
Ghaziabad: चार सरकारी अस्पतालों में बनेगी मॉड्यूलर ओटी

गाजियाबाद: गाजियाबाद जिले के चार सरकारी अस्पतालों में मॉड्यूलर ओटी बनाई जाएगी। इसके लिए बजट पास हो गया है। जिन चार अस्पतालों में मॉडयूलर ओटी बनाई जाएगी उनमें एमएमजी अस्पताल, संयुक्त जिला अस्पताल, लोनी में 50 बेड का अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर शामिल हैं।
इन सभी में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) बनाया जाएगा। मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनाया जाएगा। एमएमजी में 12 साल पहले मॉड्यूलर ओटी बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। बजट आने के बाद भी एनआरएचएम घोटाले की सीबीआई जांच होने से काम शुरू नहीं हो सका था।
सीएमओ डॉ.अखिलेश मोहन ने बताया कि शासन के निर्देश पर चार स्थानों पर मॉड्यूलर ओटी बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। ओटी को लेकर शासन स्तर पर कार्यदायी संस्था को नामित कर दिया गया है। जल्द ही इनका निरीक्षण कर ओटी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, प्लास्टिक और न्यूरो विभाग के ऑपरेशन किए जाएंगे। इसमें संक्रमण फैलने का खतरा बहुत कम होगा। एमएमजी अस्पताल भवन जर्जर होने से यह क्रिटिकल केयर यूनिट में बनाई जा सकती है। व्यवस्था के तहत अधिकांश चीजें स्वचलित होंगी।





