- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: बिजली कटौती...
Ghaziabad: बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, खपत में 550 मेगावॉट की बढ़ोतरी

गाजियाबाद: मौसम की तल्खी के साथ ही शहर में बिजली कटौती की समस्या बढ़ गई है। संजयनगर में करीब चार घंटे बिजली गुल होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी बढ़ने के कारण शहर में बिजली की मांग भी 550 मेगावॉट तक बढ़ गई है। सामान्य मौसम में जहां शहर में 1200 से 1300 मेगावॉट बिजली की खपत होती है। वहीं अब यह 1750 मेगावॉट तक पहुंच गई है।
पिछले दो दिनों से सूर्य की किरणें कहर ढा रही हैं। भीषण गर्मी से बचने के लिए अधिकतर लोग दुकानों, घरों, दफ्तरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। इस वजह से बिजली की मांग भी काफी बढ़ गई है। अतिरिक्त दबाव पड़ने के कारण कई बार ऊर्जा निगम के विद्युत सप्लाई के दावों पर भी असर पड़ रहा है। एसी-कूलर ज्यादा चलने के कारण कई स्थानों पर ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। उपकेंद्रों पर अचानक से लोड बढ़ने के कारण बार-बार ट्रिपिंग और बिजली कटौती हो रही है।
बुधवार को शहर में कई स्थानों पर बिजली की आवाजाही लगी रही। संजयनगर के कई इलाकों में करीब चार घंटे आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर में मुख्य स्थानों पर भी बिजली की आवाजाही बनी रही।
संजयनगर के रहने वाले आकाश ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे विद्युत सप्लाई बंद हो गई। इसकी वजह से करीब क्षेत्र के करीब दो हजार लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे बाद विद्युत सप्लाई सुचारू हो सकी। इसके अलावा शहर के पॉश इलाका होने के बाद भी लगातार बिजली की कटौती से यहां के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय बिजली गुल होने की वजह से लोगों को पानी के लिए भी दिक्कत हो रही है। कई इलाकों में ओवरलोडिंग के चलते बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। राजनगर, आरडीसी, शास्त्रीनगर, नेहरूनगर, कविनगर, कमला नेहरूनगर, राजनगर एक्सटेंशन, शास्त्रीनगर, संजयनगर, नंदग्राम, प्रतापविहार जैसे इलाकों में भी लोगों को ट्रिपिंग का सामना करना पड़ रहा है। ट्रिपिंग होने पर आधे से एक घंटे के लिए बिजली गुल हो रही है। वहीं, पुराने शहर के अधिकांश हिस्सों में दिन भर में तीन से चार घंटे बिजली गुल हो रही है। जोन एक के मुख्य अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। सामान्य दिनों में जहां 1200-1300 मेगावॉट सप्लाई रहती थी। वहीं लोड बढ़ने के कारण यह 1750 मेगावॉट तक पहुंच गई है। इसकी वजह से ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। समस्या को दूर करके आपूर्ति सुचारु रूप से चल रही है।





