- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: जाट महासभा...
Ghaziabad: जाट महासभा का भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ प्रदर्शन

गाजियाबाद: इन दिनों चर्चा में चल रहे लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के खिलाफ मंगलवार को राष्ट्रीय जाट महासभा ने प्रदर्शन किया। महासभा के बैनर तले बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और मेरठ से गाजियाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि कलश यात्रा रोके जाने के दौरान विधायक ने लोनी थाना के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र मलिक का गला दबाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जाट समाज से आने वाले अधिकारी के साथ बदसलूकी भी की गई। इसके लिए विधायक पर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में डीसीपी सिटी राजेश कुमार को ज्ञापन भी सौंपा।
महासभा के अध्यक्ष सचिन सिरोहा ने कहा, विधायक के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। उन्होंने अराजकता फैलाने का काम किया है। शामली निवासी हरेंद्र सिंह मलिक पुलिस अधिकारी के साथ जाट समाज के सम्मानित व्यक्ति भी है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि विधायक हरेंद्र मलिक का गला दबाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो आक्रोशित जाट समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। इस मौके पर अजय प्रमुख, आनंद चौधरी, सुधीर चौधरी, उपेंद्र बॉबी, अमित जाखड़, सोहनवीर, प्रवीन मलिक आदि मौजूद रहे। वहीं, डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों को दे दी है जानकारी : लोनी थाना के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र मलिक ने कलश यात्रा रोके जाने के दौरान उनके साथ अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया था। गला दबाए जाने की कोशिश के प्रश्न पर उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अधिकारी जैसा निर्देश देंगे, वैसी ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
20 मार्च को हुआ था हंगामा : लोनी में रामकथा के आयोजन से पहले 20 मार्च को कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इसकी अनुमति नहीं होने की वजह से पुलिस ने इसे रास्ते में रोक दिया। इस पर हंगामा हुआ। इसके बाद विधायक नंद किशोर गर्ु्जर ने कहा था कि धक्का-मुक्की में उनके कपड़े फट गए। थाना प्रभारी हरेंद्र मलिक ने कहा था कि उनके साथ बदसलूकी की गई।





