उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: सड़कों से जाम हटाने को राजनगर एक्सटेंशन में शुरू हुई पहल

Admindelhi1
28 Aug 2025 12:03 PM IST
Ghaziabad: सड़कों से जाम हटाने को राजनगर एक्सटेंशन में शुरू हुई पहल
x

गाज़ियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से आमजन को निजात दिलाने के उद्देश्य से आज एक बड़ी कार्यवाही की शुरुआत हुई। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में दिनांक 27 अगस्त 2025 को प्राधिकरण के प्रभारी मुख्य अभियंता के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम तथा अपर पुलिस आयुक्त यातायात एवं उनकी गठित विशेष संयुक्त टीम ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के विस्तृत स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने सड़कों पर मौजूद प्रमुख जाम बिंदुओं, अनियंत्रित कट, गलत पार्किंग और यातायात अवरोधक कारणों की गहन पड़ताल की। यातायात पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और उनसे सुझाव भी प्राप्त किए। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि सड़कों के किनारे अतिक्रमण, अवैध ठेलों व अव्यवस्थित वाहन खड़े करने की समस्या पर सख्ती से रोक लगाने के लिए जल्द कार्यवाही की जाएगी।

प्राधिकरण की टीम ने बताया कि राजनगर एक्सटेंशन की बढ़ती आबादी और तीव्र गति से विकसित होते वाणिज्यिक क्षेत्रों के चलते यातायात दबाव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। ऐसे में केवल अस्थायी उपायों से नहीं, बल्कि ठोस और स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाना बेहद आवश्यक है। इस दिशा में सड़क चौड़ीकरण, वैकल्पिक मार्ग निर्माण, कट बंद करने व ट्रैफिक सिग्नल की नई व्यवस्था लागू करने जैसे सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

अपर पुलिस आयुक्त यातायात ने स्पष्ट किया कि जाम की समस्या केवल प्रशासनिक ही नहीं बल्कि सामाजिक सहयोग से भी हल की जा सकती है। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, अनावश्यक पार्किंग से बचने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी कहा कि आने वाले समय में इस क्षेत्र की सड़कों को जाम मुक्त बनाने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार कर जल्द लागू की जाएगी, जिससे यहां रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

Next Story