उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: विजयनगर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण, महापौर ने बुलडोजर चलवाया

Admindelhi1
10 April 2025 4:35 PM IST
Ghaziabad: विजयनगर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण, महापौर ने बुलडोजर चलवाया
x
"महापौर ने नगर आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया"

गाजियाबाद: महापौर सुनीता दयाल द्वारा शहर में चलाए जा रहे “सरकारी भूमि बचाओ अभियान” के तहत गुरुवार को विजयनगर क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की गई। महापौर ने नगर आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचकर निरीक्षण किया और अवैध निर्माण पर स्वयं बुलडोजर चलवाया।

निरीक्षण के दौरान मीठापुर सिजवान नगर (खसरा संख्या 333), डूंडाहेड़ा (खसरा संख्या 122, 123, 106, 193, 194) और बेहरामपुर (खसरा संख्या 164) क्षेत्रों में नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जे पाए गए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पूर्व में भी यहां तोड़फोड़ की गई थी, लेकिन दोबारा अवैध निर्माण कर लिया गया था।

महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण के निर्देश दिए। बेहरामपुर में लगभग 5500 वर्गमीटर भूमि पर प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया गया, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि कई लोगों ने नगर निगम की भूमि पर मकान बनाकर उन्हें किराए पर दे दिया है या खेती के लिए प्लॉट बेच दिए हैं। सुरेश कुमार त्यागी, जगवीर और श्यामलाल द्वारा भी ऐसी ही गतिविधियों की पुष्टि हुई है, जिन पर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने अवैध कब्जाधारियों से अपील की है कि वे स्वयं अपना सामान हटा लें, जिससे उनके सामान का नुकसान न हो। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग नगर निगम की भूमि पर कब्जा कर कोर्ट में मुकदमा दायर कर देते हैं, जिससे कार्रवाई बाधित होती है, लेकिन नगर निगम अब कानूनी रूप से ऐसे मुकदमों में अपना पक्ष मजबूती से रखेगा और अधिकतम भूमि को कब्जे से मुक्त कराया जाएगा।

शनिवार को मीठापुर और डूंडाहेड़ा में और भी कार्यवाही प्रस्तावित है। महापौर ने कहा कि नगर निगम की भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और भूमाफियाओं की कमर तोड़ी जाएगी।

Next Story