- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: होटल...
Ghaziabad: होटल कर्मचारी से मारपीट, महिलाओं ने भी किया जमकर प्रहार

गाजियाबाद: लोनी बार्डर क्षेत्र स्थित एक होटल में सोमवार देर शाम मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात हुई। दिल्ली के बदरपुर निवासी युवक सलमान अपने साथियों और दो महिलाओं के साथ होटल में घुसा और एक कर्मचारी के साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोपियों ने कर्मचारी से पैसे भी लूटे और जाते समय होटल के फ्रीज से पानी निकालकर पिया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की शुरुआत रविवार को हुई थी। गाजियाबाद के लोनी निवासी उज्ज्वल पुत्र सोमप्रकाश, जो ‘US होटल’ के मालिक हैं, के अनुसार, रविवार को दिल्ली के बदरपुर निवासी सलमान अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल आया था। होटल से बाहर निकलते समय सलमान ने अपनी प्रेमिका को होटल के बाहर ही पीटना शुरू कर दिया। होटल कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया और घर भेज दिया।
इसके अगले दिन सोमवार देर शाम सलमान अपने चार अन्य साथियों और दो महिलाओं के साथ होटल में पहुंचा। उस समय होटल कर्मचारी गौरव होटल परिसर में बेंच पर लेटा हुआ था। जैसे ही आरोपी होटल में घुसे, उनमें से एक महिला ने गौरव को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसकी बाजू पकड़कर खींचा और लात मारी। फिर गाली-गलौज करते हुए उसे बाहर चलने को कहा। इस दौरान अन्य युवकों ने भी गौरव के साथ मारपीट की।
मारपीट के बाद आरोपियों में शामिल महिला रूबीना ने होटल कर्मचारी की जेब से 1800 रुपये निकाल लिए। घटना के बाद भी आरोपियों की बदतमीजी खत्म नहीं हुई — उनमें से एक युवक होटल के फ्रीज से पानी की बोतल निकालकर पीता दिखा, फिर वही बोतल बाकी साथियों को भी थमा दी। पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पीड़ित होटल मालिक उज्ज्वल का कहना है कि आरोपी चाकू और उस्तरा लेकर आए थे और उनका इरादा गंभीर हिंसा का था। उन्होंने होटल कर्मचारी को खींचने की भी कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। देर रात उज्ज्वल ने लोनी बार्डर थाने में आरोपी सलमान सहित पांच युवकों और दो महिलाओं के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले में मारपीट, जानलेवा हमला, लूट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





