उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: तेज गर्मी में आरोग्य मेले में स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ीं

Admindelhi1
19 May 2025 4:12 PM IST
Ghaziabad: तेज गर्मी में आरोग्य मेले में स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ीं
x

गाजियाबाद: गर्मी बढ़ने से आरोग्य मेले में सिर व पेट दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रही। मेले में इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि दस में से छह मरीज गर्मी के कारण बीमार थे। जिले के 66 नगरीय और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में सिर दर्द और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या सबसे अधिक रही।

आरोग्य मेले के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि मेले में रक्तचाप, मधुमेह, क्षय रोग (टीबी), डेंगू, मलेरिया और एनीमिया जैसी बीमारियों की जांच की गई। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए गए और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े सत्र भी आयोजित किए गए। डॉ. गुप्ता ने बताया कि भविष्य में और अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक पहुंच सकें।

आरोग्य मेले के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि रविवार को सार्वजनिक अवकाश के दिन स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली। उन्होंने बताया कि लोग परामर्श, जांच और दवाओं की सुविधाओं का भरपूर लाभ उठा रहे हैं। मेले में 17 नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाए गए और 517 लोगों का आयुष्मान भारत डिजिटल स्वास्थ्य खाता (आभा कार्ड) बनाया गया। इसके अलावा 843 मरीजों को एमएमजी अस्पताल, संयुक्त जिला अस्पताल और महिला जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे जैसी जांचों के लिए रेफर किया गया।

4206 मरीजों ने कराया इलाज: मेले में कुल 4206 मरीजों ने इलाज कराया। इनमें 3177 मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे थे। नगरीय केंद्रों पर मरीजों की अपेक्षाकृत कम संख्या रही, जिसके कारण अधिकांश शहरी केंद्रों पर स्टाफ खाली बैठा नजर आया। नोडल अधिकारी ने बताया कि गर्मी से परेशान मरीजों की संख्या सबसे अधिक थी। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर ओआरएस के पैकेट सभी मरीजों को वितरित किए जाने के निर्देश दिए गए थे।

Next Story