उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: गाजियाबाद की नई पहचान, उद्योग और हाईवे: मुख्यमंत्री योगी

Admindelhi1
20 Sept 2025 10:04 AM IST
Ghaziabad: गाजियाबाद की नई पहचान, उद्योग और हाईवे: मुख्यमंत्री योगी
x

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत तभी विकसित होगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा। इसलिए हम विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को लेकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि हमें विरासत का सम्मान करना चाहिए, विरासत के सम्मान के साथ-साथ गुलामी की मानसिकता को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने कहा कि सेना और वदीधार्री लोगों का सम्मान करना है। समरसता का व्यवहार करना है और नागरिक कर्तव्य का पालन करना है।

मथुरा में पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव का किया भव्य उद्घाटन

उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति जिस क्षेत्र में काम कर रहा है, वहां पर अपने कर्तव्यों को राष्ट्रीय कृत्य मानकर जब कार्य करेगा तो उसका परिणाम सकारात्मक होगा। उन्होंने कहा कि अगर आप इससे पीछे जाएंगे तो आप पाएंगे कि 17 वीं सदी तक भारत दुनिया की नंबर वन अर्थव्यवस्था हुआ करता था। चीन दूसरे स्थान पर था। बाकी सब देश काफी पीछे थे। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे हमारे बीच गुलामी की मानसिकता समाती चली गई, भारत पिछड़ता चला गया।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सुदृढ़ अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश देश के बीमारू राज्य में शामिल था। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की छवि पहले अच्छी नहीं थी। यह गैंगस्टर के लिए जाना जाता था। यहां पर एक गैंगस्टर के नाम पर फिल्म बन चुकी है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद की पहचान गंदगी और गैंगस्टर से थी। गौतम बुद्ध नगर लूट का एक अड्डा बन गया था। यह अफवाह फैला दी गई थी कि अगर मुख्यमंत्री वहां गए तो दोबारा सीएम नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि इस बात को सुनने के बाद मैंने कहा कि मैं तो फिर नोएडा जरूर जाऊंगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं वहां पर गया।

उन्होंने कहा कि बार-बार गौतम बुद्ध नगर जाने के बावजूद भी मैं 5 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बना। उन्होंने कहा कि हजारों नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाया गया है। अन्नदाता किसान के जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे का नेटवर्क यूपी में है। सबसे ज्यादा मेट्रो नेटवर्क यूपी में चल रहा है। देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क यूपी के पास है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की नंबर- दो अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बन चुका है। अगले कुछ वर्षों में यह नंबर वन की अर्थव्यवस्था बनेगा। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व सांसद नरेंद्र तोमर द्वारा भारत के प्रधानमंत्री पर लिखी गई एक पुस्तक का विमोचन किया।

इस अवसर पर विकसित भारत 2047 पर आधारित वीडियो प्रस्तुति की गई। गाजियाबाद से पहले सीएम मथुरा पहुंचे। यहां पर अंत्योदय के प्रणेता और एकात्म मानव दर्शन के प्रखर वक्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में आयोजित चार दिवसीय स्मृति महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पंडित जी का सपना आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का समय युवाओं का है। यूपी के पास सबसे बड़ी युवा ऊर्जा है और यही भारत को आगे ले जाएगी। उन्होंने बताया कि सीएम युवा स्कीम के तहत सरकार 5 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त, गारंटी मुक्त लोन उपलब्ध करा रही है। जनवरी से अब तक 70 हजार युवाओं ने इसका लाभ उठाया है और लक्ष्य 1 लाख युवाओं तक पहुंचने का है।

उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बन रहा है। स्टार्टअप केवल आईटी सेक्टर में ही नहीं बल्कि ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) और गो आधारित खेती जैसे क्षेत्रों में भी स्टार्टअप उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी सामानों से बचकर हमें अपने स्थानीय उत्पादों को खरीदना चाहिए ताकि पैसा हमारे कारीगरों और किसानों तक पहुंचे, न कि आतंकवाद और नक्सलवाद फैलाने वाली ताकतों के पास।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी है तो स्वावलंबन है, स्वावलंबन है तो स्वाधीनता बनी हुई है और स्वाधीनता है तो हमें सशक्त होने से कोई रोक नहीं सकता। यही पंडित दीन दयाल जी का मंत्र है।चार दिवसीय महोत्सव में स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी, गो आधारित खेती और नारी स्वावलंबन कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यही आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर यूपी की दिशा है।

Next Story