- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: टीबी के...
Ghaziabad: टीबी के खिलाफ जंग में गाजियाबाद बना मिसाल

गाजियाबाद: “पहले पोलियो को भगाया है, अब टीबी को भगाएंगे” – इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में रोटरी क्लब शिप्रा सनसिटी और रेडक्रॉस ने संयुक्त रूप से एक सराहनीय पहल की है। सोमवार को साहिबाबाद स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष आकाश शर्मा और रेडक्रॉस सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने छह माह के लिए 25 क्षय रोगियों को गोद लिया। इस दौरान रोगियों को नियमित उपचार के साथ पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का वचन लिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित रोटरी के असिस्टेंट गवर्नर रो. आशीष महाजन, क्षेत्रीय पार्षद हिमांशु चौधरी और केंद्र प्रभारी डॉ. दीर्घा मैत्री ने मरीजों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समय पर दवा लेने और संतुलित भोजन अपनाने की सलाह दी।
रेडक्रॉस सभापति डॉ. सुभाष गुप्ता ने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का “टीबी मुक्त भारत” का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद को प्रदेश में सबसे पहले टीबी मुक्त करने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए सभी संस्थाएं तन्यता के साथ जुटी हुई हैं।
रोटरी अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि यह प्रयास तभी सफल होगा जब समाज भी इस मुहिम से जुड़े और रोगियों के प्रति संवेदनशील बने। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि इसी एकजुटता से प्रयास होते रहे तो “मंजिल दूर नहीं है।”





