- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: सपा के...
Ghaziabad: सपा के सांसद के बयान पर सांसद की सदस्यता रद्द करने की मांग

गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के बयान से हिंदू समाज के लोगों में गुस्सा है। मंगलवार को कलक्ट्रेट मुख्यालय पर लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के नेतृत्व में गुर्जर और राजपूत समाज के लोगों ने पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। विधायक नंद किशोर गुर्जर ने सांसद की सदस्यता की मांग करते हुए उप राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा।
उन्होंने कहा कि सपा सांसद के द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा सांगा के संबंध में अत्यंत आपत्तिजनक तथ्यहीन बयान दिया गया है। इसे हिंदू समाज कभी बर्दाशत नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बाबर को दौलत खान लोदी व अन्य ने बुलाया था न कि वीर शिरोमणि राणा सांगा ने, इसकी पुष्टि बाबरनामा भी करती है। रामजी लाल सुमन का यह बयान न केवल ऐतिहासिक तथ्यों को विकृत करने का प्रयास है बल्कि समाज में अशांति व वैमनस्य फैलाने वाला है।
नंद किशोर ने रामजी लाल सुमन पर रासुका लगाने की मांग की है। उन्होंने उपराष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में कुछ एतिहासिक तथ्य भी लिखे हैं। उन्होंने कहा कि राणा सांगा मेवाड़ के महान योद्धा थे। वह हिंदू गौरव के प्रतीक हैं। राणा सांगा ने विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ अद्वितीय वीरता का प्रदर्शन किया था। ऐसे महान योद्धा का अपमान हिंदू समाज नहीं सह सकता है। नंद किशोर की ओर से तीन मांगे उप राष्ट्रपति से की गई है।
समाज में सौहार्द बिगाड़ने के इस प्रयास के कारण रामजी लाल सुमन की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कीजाए। समाजवादी सांसद के इस निंदनीय बयान के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई कराते हुए गिरफ्तारी के लिए निर्देशित करें। भविष्य में इस प्रकार से किसी भी ऐतिहासिक महापुरुष के खिलाफ झूठे और भ्रामक बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।





