उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: साइबर ठगों ने बोर्ड परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर ठगी का प्रयास किया

Admindelhi1
25 March 2025 3:17 PM IST
Ghaziabad: साइबर ठगों ने बोर्ड परीक्षा में पास कराने का झांसा देकर ठगी का प्रयास किया
x
"पुलिस अधिकारियों ने इसमें सतर्कता बरतने की अपील की"

गाजियाबाद: बोर्ड की अधिकांश परीक्षाएं अब खत्म हो चुकी हैं। ऐसे में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका निकाल लिया है। वह अब छात्रों व अभिभावकों को फोन कर कभी नंबर बढ़वाने तो कभी फेल को पास कराने के नाम पर ठगी करने के प्रयास में हैं। बीते एक सप्ताह में जिले में 10 से ज्यादा अभिभावकों व छात्रों के पास इस तरह की कॉल आ चुकी हैं। यूपी बोर्ड के छात्रों के पास सबसे ज्यादा कॉल आ रही हैं। इस मामले में पुलिस को शिकायतें भी दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने इसमें सतर्कता बरतने की अपील की है।

27 हजार भेज दो, पास हो जाओगे

मोदीनगर के इंटर कॉलेज से पढ़ाई कर रहे छात्र ने बताया कि उसने इस बार दसवीं की परीक्षा दी है। उनके पास 19 मार्च को फोन आया था। बात करने वाले ने बताया कि वह इलाहाबाद बोर्ड से बात कर रहे हैं। उनकी कॉपियां चेक की गई हैं। दो विषयों में पास होने लायक नंबर नहीं है। यदि वह पास होना चाहते हैं कि बात कर लें। इसके बाद उन्होंने अपने पिता को फोन दे दिया। पिता से बात करने के बाद ठगों ने कहा कि उनको 27 हजार रुपये भेजने होंगे। उनके पिता ने सहमति जता दी तो ठगों ने क्यूआर कोड भी भेज दिया। हालांकि, इससे पहले ही उनको ठगी होने का अहसास हो गया था। इसलिए उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया।

नंबर कम हैं, पास होना है तो बात कर लेना

कैलाभटठा निवासी छात्र ने इस बार यूपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा दी है। छात्र ने बताया कि 23 मार्च की सुबह उनके पिता के नंबर पर फोन आया। पहले उसने परिवार के बारे में पूछा। पिता ने सबकुछ बता दिया। इसके बाद उसने कहा कि उनकी कॉपी जांची गई हैं। तीन विषयों में नंबर 30 से कम आए हैं। अभी फाइनल रिजल्ट तैयार नहीं हुआ है। इसलिए मदद हो सकती है। यदि नंबर बढ़वाने हैं तो बात कर लेना। तभी उन्होंने इस संबंध में अपने स्कूल टीचर से बात की तो उन्होंने बताया कि यह ठग हैं। इसके बाद उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया।

बोर्ड का कोई भी अधिकारी व कर्मचारी इस तरह न तो फोन करता है और न ही फेल, पास कराने का दावा करता है। बोर्ड की तरफ से सतर्कता बरतने संबंधी दिशा निर्देश जारी किया गया है। छात्रों व अभिभावकों से अपील है कि वह इस तरह किसी के झांसे में न आएं और न ही किसी को कोई पैसा दें। -पीयूष सिंह, एडीसीपी क्राइम, गाजियाबाद।

Next Story