- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: बिजली विभाग...
Ghaziabad: बिजली विभाग के कर्मचारियों पर मीटर जांच के दौरान भीड़ ने किया हमला

गाजियाबाद; शहर के कनावनी इलाके में उस वक्त हंगामा मच गया जब बिजली विभाग की टीम घर-घर जाकर मीटर जांच रही थी। स्थानीय लोगों को जब अधिकारियों द्वारा मीटर की सील न तोड़ने और लोड बढ़ाने की चेतावनी दी गई तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कुछ महिलाएं और पुरुष बिजली विभाग के कर्मचारियों को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने किसी तरह खुद को भीड़ से बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा थी।
वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पीड़ित विद्युत कर्मियों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने घटना की कड़ी निंदा की है और कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की है।





