- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: कर्नल टीपी...
Ghaziabad: कर्नल टीपी त्यागी ने अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकरों को लेकर उठाई आवाज

गाजियाबाद: आरडब्ल्यूए फेडरेशन एवं फ्लैट ओनर्स फेडरेशन गाजियाबाद के चेयरमैन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता राम राजा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गाजियाबाद शहर में अनियंत्रित और अव्यवस्थित रूप से बनाए गए स्पीड ब्रेकरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
कर्नल त्यागी ने कहा कि ये स्पीड ब्रेकर न केवल यातायात में बाधा बनते हैं, बल्कि आम नागरिकों, खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और स्लिप डिस्क जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री भी इन स्पीड ब्रेकरों को “कमर तोड़ू” कहकर इनकी स्थिति पर चिंता जता चुके हैं और इन्हें सुधारने का निर्देश दिया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मानसून से पहले शहरभर में बने सभी अव्यवस्थित स्पीड ब्रेकरों को हटाया जाए और मानकों के अनुसार नए संकेतों, मार्किंग और सुरक्षा उपायों के साथ इनका पुनर्निर्माण किया जाए। साथ ही उन्होंने एक्सपेंशन जॉइंट्स के रखरखाव को भी जरूरी बताया ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अधिशासी अभियंता राम राजा ने प्रतिनिधिमंडल को सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।





