उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: सीएम योगी बोले, यूपी ने आठ साल में बदली बीमारू राज्य की पहचान

Admindelhi1
3 April 2025 4:01 PM IST
Ghaziabad: सीएम योगी बोले, यूपी ने आठ साल में बदली बीमारू राज्य की पहचान
x
"हर विकास की गति रुकी हुई थी"

गाजियाबाद: भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की छवि बीमारू राज्य की थी। हर विकास की गति रुकी हुई थी। पिछले आठ साल में इस छवि को हमने बदल दिया है। अब यूपी तेजी से आगे बढ़ रहा है। हर जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन की सुविधाएं बढ़ी हैं, जिनसे लोगों का जीवन आसान हुआ है।

नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में की गई ब्रज और पश्चिम प्रांत की समन्वय बैठक में सीएम ने कहा, गाजियाबाद में जल्द ही एम्स दिल्ली का सेटेलाइट सेंटर खुलने जा रहा है। इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिम यूपी के सभी जिलों के लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा, भाजपा सरकार के आठ साल जनसेवा के लिए समर्पित रहे हैं। विकास के लिहाज से देखा जाए तो ये आठ साल बेमिसाल रहे हैं। इसी अवधि में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है, जिसकी प्रतीक्षा 500 वर्षों से की जा रही थी। इस बार के महाकुंभ का सफल आयोजन भी आश्चर्यचकित करने वाला है, क्योंकि अनुमान 45 करोड़ लोगों के आने का ही था जबकि 66 करोड़ ने संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया है।

सरकार और संगठन में तालमेल से आसानी से हो रहे काम

सीएम योगी ने कहा, भाजपा के लिए सबसे पहले राष्ट्र है। हर कार्यकर्ता इसी भावना को लेकर चलता है। हर कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र धर्म सर्वोपरि है। हर कार्यकर्ता विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति समर्पित है। सरकार भी इसी दिशा में योजना बनाकर काम कर रही है। सरकार और संगठन में तालमेल के नतीजे सबके सामने हैं। बड़े बड़े काम भी आसानी से हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने संघ के नेताओं के साथ की चर्चा

सीएम योगी ने समन्वय बैठक में संघ के नेताओं से बातचीत की। माना जा रहा है कि इस बातचीत में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चर्चा हुई है। भाजपा में हाल ही में जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के चुनाव हुए हैं। जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि समन्वय बैठक में उन सभी नामों पर चर्चा की गई है, जो प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे हैं।

Next Story