- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: प्रोजेक्ट...
Ghaziabad: प्रोजेक्ट में गड़बड़ी, ग्रैंड सवाना के डायरेक्टर्स पर केस

गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी में दो फ्लैट बेचने के नाम पर दंपती से 79.98 लाख रुपये की धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। इस मामले में विवेक विहार फेस-2 निवासी वेदप्रकाश वर्मा ने ग्रैंड सवाना के निदेशक तनुज गोयल, अनुज गोयल, उनके पिता कृष्णकुमार गोयल व अधिकारी महानंद पांडेय, जगपाल सिंह समेत छह के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
वेदप्रकाश वर्मा ने बताया कि 2021 में उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी के 11वें फ्लोर पर दो फ्लैट बुक किए थे। दोनों का 79.98 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। भुगतान करने के बाद दोनों फ्लैटों का बैनामा हो गया। दोनों फ्लैट उनके कब्जे में हैं। दिसंबर 2022 में उनके फ्लैटों पर बैंक शाखा ने कब्जे का नोटिस चस्पा कर दिया।
जब उन्होंने इसकी जानकारी की तो पता चला कि बिल्डर व अन्य अधिकारियों ने विक्रम नाम के व्यक्ति को पहले से ही फ्लैट बेचे हुए थे। दोनों पर उसने ऋण लिया हुआ था। बैंक का ब्याज सहित 1.39 करोड़ रुपया बकाया चल रहा है। उन्होंने इस संबंध में जब बिल्डर व अन्य अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई तो कहने लगे कि मामला निपट जाएगा। वह बैंक से भुगतान का सेटेलमेंट करा देंगे। लगातार समय बीतता गया, लेकिन इसमें कुछ नहीं हो सका। इस घटना से वह तनाव में आ गए और परेशान होकर नंदग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही है। बिल्डर पक्ष को बुलाकर पूछताछ होगी।
बिल्डर की ओर से उनके प्रतिनिधि व मुकदमें में आरोपी बनाए गए महानंद पांडेय का कहना है कि जिसे पहले फ्लैट बेचा गया था उसने लोन कराने के बाद फ्लैट को सरेंडर कर दिया था।
फ्लैट को वेद प्रकाश वर्मा को भेज दिया गया था। लोन की जानकारी मिलने के बाद उसे अदा करने करने का आश्वासन दिया गया था, कुछ कारणों से लोन नहीं अदा किया जा सका। जल्द ही अदा करके मामले को सेटलमेंट कर दिया जाएगा।





