उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़कर झोपड़ी पर गिरी कार, गर्भवती और बच्चे जख्मी

Admindelhi1
3 April 2025 1:53 PM IST
Ghaziabad: फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़कर झोपड़ी पर गिरी कार, गर्भवती और बच्चे जख्मी
x
"गर्भवती मधु की हालत गंभीर"

गाजियाबाद: कलक्ट्रेट रोड पर तेज गति से दौड़ रही कार आरडीसी फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़कर रेलवे लाइन किनारे झुग्गी-झोपड़ियों पर जा गिरी। झोपड़ी में सो रही मधु(33) निवासी गांव अकवारा थाना पूरा कलंदर जनपद अयोध्या और उनके दो बच्चे कार की चपेट में आकर घायल हो गए। कार के नीचे दबी नौ माह की गर्भवती मधु की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आरडीसी फ्लाईओवर से मंगलवार की रात 11.50 पर स्विफ्ट वीएक्सआई कार ग्रिल तोड़कर नीचे आ गिरी। कार की चपेट में आकर मधु पत्नी संदीप और उनके दो बेटे शिवम व कार्तिक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार में फंसे चार युवकों को बाहर निकाला। जिनमें से एक युवक के सिर और कान से खून बह रहा था। कार से निकलते ही चारों घायलावस्था में कार छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंची कविनगर पुलिस ने घायल मधु और उनके दोनों बेटे शिवम और कार्तिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से मधु को गंभीर हालत के चलते दिल्ली स्थित सफदरगंज अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है। घायल मधु के जेठ टीटू ने बताया कि कार से पुलिस को शराब की बोतल, बीयर की केन और पहलवान ढाबे की पैकिंग में पराठे मिले हैं।

दूसरी कार में सवार थी दो युवती

झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों ने बताया कि स्विफ्ट कार के नीचे गिरते ही एक अन्य कार फ्लाईओवर पर पीछे से आकर रुकी। इसके बाद चालक ने कार फ्लाईओवर वन वे से यू टर्न लिया और रेलवे लाइन पार कर दुर्घटनास्थल पर पहुंची। इसमें से दो युवतियां उतरी और घायलों को कार में बैठाकर चले गए। उन्होंने कार के नीचे दबी महिला और बच्चों की जानकारी भी नहीं ली। घायल मधु के जेठ टीटू पुत्र हीरालाल ने कार सवार चार युवकों के खिलाफ कविनगर में तहरीर दी है। आरोप लगाया है कि चारों शराब के नशे में थे और लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कब्जे में ली गई कार जुवेद खान निवासी हरमुखपुरी थाना विजयनगर गाजियाबाद के नाम से पंजीकृत है।

मधु ने दिया बच्ची को जन्म

कार के नीचे दबने से मधु के दोनों पैर, पेट, कमर और सिर कुचल गए हैं। जेठ टीटू ने बताया कि हादसे के बाद से मधु को होश नहीं आया है। चिकित्सकों ने मधु का आपरेशन कर एक स्वस्थ्य बच्ची को जन्म दिया है। हालांकि मधु की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

आरडीसी फ्लाईओवर से गिरी कार चालक और उसमें सवार लोगों की पहचान कराई जा रही है। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। जबकि एक महिला की हालत गंभीर है। जिसे दिल्ली अस्पताल में रेफर किया गया है।

-स्वतंत्र कुमार सिंह, एसीपी कविनगर

Next Story