- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: हाई-राइज़...
Ghaziabad: हाई-राइज़ सोसायटियों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, नागरिकों की तत्परता का परीक्षण

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद की चार हाई राइज सोसायटियों में बुधवार की शाम को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की गई। इस दौरान नागरिकों को बताया गया कि हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया करनी चाहिए। नुकसान कम से कम हो, इसके लिये क्या करना चाहिए। जिन सोसायटियों में ब्लैक आउट मॉकड्रिल की गई उनमें एनएच-9 स्थित लैंड क्राफ्ट सोसायटी, सेवियर पार्क कटोरी मिल मोहन नगर, वीवीआईपी सोसायटी राजनगर एक्सटेंशन व एपैक्स द फ्लोरस सोसायटी सै0-18 वसुन्धरा थी। लैंड क्राफ्ट सोसायटी में जिलाधिकारी दीपक मीना, एवं अधिकारीगण एवं एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आठ बजते ही इन सोसायटियों में सायरन बजा और बत्तियां बुझा दी गयी। इससे पहले नार्मल माहौल तैयार किया गया फिर सम्भावित आपदा के प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान लोगों को बताया गया कि ब्लैकआउट के दौरान घरों की सभी बत्तियां बंद कर दी जानी चाहिए। यदि कोई अत्यंत आवश्यक कार्य हो, तो केवल मोमबत्ती का सीमित प्रयोग करें। खिड़कियों के पर्दे पूरी तरह से ढक दिए जाएं ताकि भीतर से रोशनी बाहर न जाए। साथ ही, लोगों को सलाह दी गई कि घर में कम से कम एक महीने का राशन पहले से एकत्रित रखें ताकि ऐसी स्थिति में बाहर निकलने की आवश्यकता न पड़े। सिविल डिफेंस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की ड्रिल्स का उद्देश्य आम जनता को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए मानसिक और व्यवहारिक रूप से तैयार करना है। इससे पहले जिले के 10 स्कूलों में ड्रिल कराई गई थी।





