- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: मुठभेड़ में...
Ghaziabad: मुठभेड़ में पकड़ा गया अंकुर हत्याकांड का आरोपी

गाजियाबाद: थाना लोनी क्षेत्र में हुए अंकुर बैसला अपहरण और हत्याकांड मामले में पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुख्य आरोपी शैंकी को गिरफ्तार करने के बाद जब पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल हुई पिस्तौल की बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें शैंकी के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंकुर बैसला का 7 जून को देर रात उस वक्त अपहरण कर लिया गया था, जब वह अपने दोस्त को स्कूटी से घर छोड़कर लौट रहा था। अपहरण के बाद उसकी स्कूटी को आग के हवाले कर दिया गया। आरोप है कि शैंकी, सौरव और सोनू नामक तीन आरोपियों ने अंकुर को स्विफ्ट कार में जबरन बैठाकर रिश्तल जंगल ले जाकर पांच गोलियां मारीं और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बागपत ले जाकर हिंडन नदी में फेंक दिया गया था।
अंकुर का शव गुरुवार को राजनगर एक्सटेंशन इलाके से बरामद हुआ। मामले की जांच में पुलिस ने मुख्य आरोपी शैंकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि शैंकी की बहन और अंकुर के बीच प्रेम संबंध थे, जिसका विरोध शैंकी पहले भी कर चुका था। इसी वजह से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस शैंकी को हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के लिए ले जा रही थी, तभी उसने मौका पाकर पुलिस पर गोली चला दी। गनीमत रही कि पुलिस को नुकसान नहीं पहुंचा। जवाबी कार्रवाई में शैंकी के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी पहले आपस में दोस्त थे।





