- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Ghaziabad: नगर निगम की...
Ghaziabad: नगर निगम की निगरानी में चलेंगी सभी विकास योजनाएं

गाजियाबाद: नगर निगम गाजियाबाद शहर के सर्वांगीण विकास के लिए तेजी से कार्य कर रहा है। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में वर्ष 2024-25 की 15वें वित्त आयोग योजना के अंतर्गत करीब ₹150 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
इंदिरापुरम और वसुंधरा क्षेत्र में लगभग ₹83 करोड़, सिटी जोन में ₹18 करोड़, कविनगर में ₹19 करोड़, मोहननगर में ₹18 करोड़ और विजयनगर क्षेत्र में ₹3 करोड़ के कार्य निर्माणाधीन हैं। इन कार्यों की सतत निगरानी नगर निगम के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी द्वारा की जा रही है।
इन क्षेत्रों में प्रमुख रूप से नालों का निर्माण, सड़कों का सुधार, और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कुल मिलाकर पांचों जोनों में लगभग 45 निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। निर्माण कार्य रात्रि में भी किए जा रहे हैं ताकि मानसून से पूर्व सभी जरूरी सड़कों और जल निकासी से जुड़े कार्य पूरे किए जा सकें।
प्रमुख कार्यस्थलों में शामिल हैं – इंदिरापुरम, पटेल नगर, लोहिया नगर, तिगरी गोल चक्कर, शालीमार गार्डन, वजीराबाद रोड, राजेन्द्र नगर, भोपुरा, गगन विहार, वरदान रोड, शास्त्री नगर, गोविंदपुरम, वैशाली सेक्टर-1, मदन मोहन मालवीय मार्ग, कविनगर डी-ब्लॉक, सहानी मुख्य मार्ग आदि।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि मानसून से पहले अधिकतर कार्य पूरे हो जाएंगे और शहरवासियों को राहत मिलेगी। वहीं, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण विभाग को कार्यों को तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय पार्षद लगातार कार्यों की निगरानी कर रहे हैं, जिनकी गुणवत्ता की स्थानीय नागरिक भी सराहना कर रहे हैं।





