उत्तर प्रदेश

Ghaziabad: अवैध निर्माण पर कार्रवाई, दुहाई-मटियाला में बुलडोजर चला

Admindelhi1
21 Jun 2025 3:03 PM IST
Ghaziabad: अवैध निर्माण पर कार्रवाई, दुहाई-मटियाला में बुलडोजर चला
x
"जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की"

गाजियाबाद: दुहाई और मटियाला के आसपास करीब 47 बीघे में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर शुक्रवार को जीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक करीब छह घंटे तक चली। जीडीए वीसी अतुल वत्स ने लोगों को आगाह किया है कि वह अवैध कॉलोनी में संपत्ति की खरीदफरोख्त न करें। इससे उन्हें नुकसान हो सकता है।

जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रवर्तन जोन तीन में मटियाला और दुहाई गांव के आसपास अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। प्रवर्तन दल और पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने अवैध निर्माण तोड़ दिया है। उन्होंने बताया कि दुहाई में खसरा संख्या 468 में संजय चौधरी, अजय कुमार व संजीव चौधरी द्वारा लगभग पांच बीघे में, जनहित इंस्टीट्यूट के सामने आबिद व मोहम्मद अतीक व इंद्रपाल आदि द्वारा लगभग 21 बीघे में, वहीं, मटियाला डासना में खसरा नंबर 10 पर विजय चौधरी, गौरव सोलंकी द्वारा लगभग 9000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में और अश्वनी चौधरी द्वारा खसरा संख्या-367 व 368 में लगभग 12 बीघे में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कालोनी की सड़क, भूखंड की चहारदीवारी को ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान स्थानीय विकासकतार्ओं द्वारा काफी विरोध किया गया, लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही जारी रखी।

गोविंदपुरम में अवैध निर्माण किया सील: अपर सचिव ने बताया कि गोविंदपुरम में रोहित कुमार द्वारा आई-171 पर अनाधिकृत निर्माण किया जा रहा था। टीम ने निर्माण को सील कर दिया है। मौके पर उपस्थित लोगों से यह अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में भूखंडो का क्रय, विक्रय न करें।

Next Story