- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- हरित होगा गौतमबुद्ध...
हरित होगा गौतमबुद्ध नगर वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में लाखों पौधों का रोपण

Noida नोएडा : उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को गौतमबुद्ध नगर में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-4 बैंक साइड ग्रीन बेल्ट और सिग्मा टेकजोन के निकट आयोजित वृहद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्रों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जनपद गौतमबुद्ध नगर के लिए शासन की ओर से 9,46,017 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अभियान के तहत जिले में लक्ष्य से अधिक 10,15,766 पौधों का रोपण किया गया। पौधारोपण के दौरान मौलश्री, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विकास विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा वन विभाग के अधिकारी, आईटीबीपी के जवान, छात्र-छात्राएं, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य और स्थानीय नागरिकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रदेश में 242 करोड़ पौधों का रोपण
मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों के दौरान लगभग 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अभियान में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और वन विभाग के कर्मचारियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के वन एवं हरित क्षेत्र को लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
पौधों की देखभाल पर दिया जोर
एमएलसी नरेंद्र भाटी ने कहा कि स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास फलदार एवं छायादार पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
जनसहभागिता से सफल हुआ अभियान
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, सरकारी विभागों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को सुनिश्चित करना भी है।
प्रभागीय वन अधिकारी ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा 93,330 पौधे लगाए गए, जबकि अन्य सरकारी विभागों ने 9,22,436 पौधों का रोपण किया। इस तरह जिले में कुल 10,15,766 पौधे लगाए गए।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के जनपद नोडल अधिकारी और प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया और पौधारोपण कार्यक्रमों में सहभागिता की।





