- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- स्टेशन पर उतरी युवती...
देवरिया। दिल्ली की एक लड़की के साथ देवरिया जिले में गैंगरेप किया गया। युवती अपने दोस्त के साथ दिल्ली से बिहार जा रही थी। दोस्त से झगड़ा होने पर वह देवरिया के भाटपार रानी स्टेशन पर उतरी थी। जहां से दो लड़के उसे साथ ले गए। उन्होंने स्टेशन के पास बने ढाबे में उससे दुष्कर्म किया। उसके बाद बेहोशी की हालत में उसे स्टेशन की बेंच पर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार भाटपार रानी के स्टेशन मास्टर ने बताया कि रात करीब दो बजे जब वह स्टेशन का निरीक्षण करने निकले तो वहां बेंच पर एक खून से लथपथ लड़की पड़ी थी। लड़की को देखकर लगा कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। उन्होंने पुलिस को इस मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उससे बातचीत करने की कोशिश की, मगर वह बेहोश थी। करीब तीन बजे उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसको इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। युवती की हालत अभी भी गंभीर बनी है।
अस्पताल में युवती ने पुलिस को बताया कि वह बिहार की रहने वाली है। कई साल से उसका परिवार दिल्ली में ही रहता है। वह वहीं पढ़ाई करती है। वह बिहार में अपने एक रिश्तेदार के यहां होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। जबकि परिवार पहले ही बिहार जा चुका है। उसने बताया कि उसके साथ दिल्ली का उसका एक दोस्त भी था। ट्रेन में दोस्त के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उसने काफी देर तक एक-दूसरे से बात नहीं की। इस कारण मैं रात करीब 12 बजे गुस्से में भाटपार रानी स्टेशन पर उतर गई। मैं स्टेशन पर एक बेंच पर बैठ गई। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था।
मैंने वहां एक-दो लोगों से दिल्ली के लिए ट्रेन के बारे में जानकारी ली। तो पता चला कि यहां से कोई ट्रेन नहीं है। यहां से गोरखपुर और फिर वहां से दिल्ली की ट्रेन मिल जाएगी। उसने बताया कि रात एक बजे तक मैं वहीं पर बैठी रही। मुझे काफी भूख भी लग रही थी। गोरखपुर वाली ट्रेन काफी देर में आने वाली थी। इसलिए मैं वहां एक-दो लोगों से खाने के बारे में पूछने लगी। इसी बीच वहां पर दो लड़के आए। मैं वहां यात्रियों से बात कर रही थी, तो वो लड़के बीच में बोल पड़े कि यहां बाहर ढाबे पर अच्छा खाना मिलता है। मुझे लगा कि वे दोनों भी यात्री ही होंगे। इसलिए मैं उनके साथ खाना खाने के लिए चल दी। जैसे ही मैं वहां पहुंची, तो उन लोगों ने मुझे धमकाकर ढाबे के अंदर बंद कर लिया। मैंने विरोध किया, तो वे मुझे पीटने लगे। एक ने मेरा मुंह दबा दिया। उन्होंने मेरा मोबाइल और पर्स छीन लिया। इसके बाद दोनों ने मेरा मुंह बांधकर मेरा रेप किया। इस दौरान मैं बेहोश हो गई। इसके बाद मुझे कुछ नहीं पता चला कि मैं स्टेशन पर कब आई? बेंच पर कैसे पड़ी थी?“
पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ढाबे पर जांच पड़ताल की। पूछताछ के आधार पर वहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जिन आरोपियों को पुलिस ने उठाया है, उन पर पहले से भी कुछ मामले दर्ज थे। लड़की की तबीयत में सुधार होने पर उन दोनों की शिनाख्त कराई जाएगी। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि युवती का इलाज चल रहा है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती के रिश्तेदारों को सूचना दे दी गई है। उसके शरीर से बहुत खून निकल गया है। इसलिए उसको खून चढ़ाया गया है।
