उत्तर प्रदेश

बाढ़ से लेकर बिजली तक, मुजफ्फरनगर में किसानों ने रखीं अपनी मांगें

Ratna Netam
15 July 2026 7:00 PM IST
बाढ़ से लेकर बिजली तक, मुजफ्फरनगर में किसानों ने रखीं अपनी मांगें
x

Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : जनपद स्तर पर आयोजित जुलाई माह के किसान दिवस में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में किसानों ने बाढ़, जलभराव, जलकुंभी, बिजली आपूर्ति, सड़क निर्माण, सिंचाई व्यवस्था, कृषि, सर्विस रोड, सर्किल रेट और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने की।

उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के निर्देशों के तहत प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। बैठक की शुरुआत पिछली किसान दिवस बैठकों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा से हुई। अधिकारियों ने किसानों को पूर्व में आई समस्याओं पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने लिखित ज्ञापन देकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

किसान दिवस में सबसे प्रमुख मुद्दा बाढ़ और जलनिकासी का रहा। शेरपुर खादर और बढ़ीवाला क्षेत्र के किसानों ने बताया कि जलकुंभी और खराब जलनिकासी व्यवस्था के कारण खेतों में पानी भर रहा है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों ने क्षेत्र में बेहतर जलनिकासी व्यवस्था कराने, पुल हटाने और एनएच-24 पर सर्विस रोड निर्माण कराने की मांग की। इसके अलावा किसानों ने क्षेत्र का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

बैठक में कृषि यंत्रों से जुड़ा मामला भी उठाया गया। एक किसान ने फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि यंत्रों के पुनः सत्यापन और लगभग 12 लाख रुपये की रिकवरी वापस लेने की मांग की। अधिकारियों ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

चरथावल क्षेत्र से पहुंचे ग्राम प्रधान संजय त्यागी ने कई जनसमस्याओं को उठाया। उन्होंने मलीरा की काली नदी के पास लगे कूड़े के ढेर हटाने, टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर तक टोल फ्री करने, मलीरा अड्डे की पुलिया का निर्माण कराने, कुटेसरा कब्रिस्तान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन हटाने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।

उन्होंने बिजली कनेक्शनों का भार कम करने, चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सूखे यूकेलिप्टस के पेड़ों को हटाने और अधूरी पड़ी पानी की टंकी का निर्माण पूरा कराने का भी मुद्दा उठाया।

ग्राम सोरम के किसानों ने नाले की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की। साथ ही कृषि उपज से जुड़े खसरे में दर्ज त्रुटियों को ठीक कराने का मामला भी उठाया गया। पुरकाजी क्षेत्र के किसानों ने लकसर रोड पर बने पुल से खेतों तक जाने वाले रास्ते की समस्या के समाधान की मांग रखी। वहीं चांदपुर मखियाली के ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति सुचारू करने, पानी की टंकी की समस्या दूर करने और विद्युत इस्टीमेट दोबारा तैयार कराने के लिए ज्ञापन सौंपा।

सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की जानकारी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए और उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारी समय से उपस्थित रहें और किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करें। सिटी मजिस्ट्रेट ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं की लगातार निगरानी की जाएगी और संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

बैठक में कृषि विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Next Story